बरसात के बाद चमकेगी भीमताल-नौकुचियाताल सड़क, मंत्री कैड़ा ने दिए टेंडर के निर्देश

भीमताल – लंबे समय से जर्जर पड़े भीमताल-नौकुचियाताल मोटर मार्ग के दिन अब बदलने वाले हैं। सड़क के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए ₹2 करोड़ 45 लाख की धनराशि स्वीकृत हो गई है। शासन स्तर से इसकी स्वीकृति जारी होने के बाद लोक निर्माण विभाग को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बताया कि भीमताल ब्लॉक के इस महत्वपूर्ण मार्ग की खराब स्थिति के कारण स्थानीय ग्रामीणों, स्कूली बच्चों, व्यापारियों और पर्यटकों को लंबे समय से आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। बरसात के दौरान सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो जाने से लोगों की मुश्किलें बढ़ जाती थीं।

उन्होंने बताया कि क्षेत्रवासियों की मांग को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग से सड़क के सुधारीकरण एवं डामरीकरण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा गया था। अब ₹2.45 करोड़ की स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित अधिकारियों को जल्द से जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

मंत्री कैड़ा ने कहा कि बरसात समाप्त होते ही सड़क पर सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित आवागमन की सुविधा मिल सके।

उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉक के विभिन्न क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों का चरणबद्ध तरीके से डामरीकरण कराया जा रहा है। क्षेत्र के सड़क नेटवर्क को मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है।

इस दौरान मंत्री कैड़ा ने अमजड़, सुवकोट पोखरी, करायल, क्वेदल और दिनी सहित कई गांवों का दौरा कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।

सड़क निर्माण की स्वीकृति मिलने पर क्षेत्रीय ग्रामीणों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त किया। मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार जनता की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए निरंतर कार्य कर रही है और विकास कार्यों में किसी प्रकार की कमी नहीं आने दी जाएगी।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें