नैनीताल – राज्य आंदोलन के दो वरिष्ठ आंदोलनकारियों पूर्व विधायक स्वर्गीय नारायण सिंह जंतवाल और स्वर्गीय लक्ष्मी नारायण लोहनी ‘लच्छू दा’ के निधन पर डीएसए मैदान में आयोजित उत्तराखंड राज्य स्थापना दिवस समारोह सादगी के साथ मनाया गया। दिवंगत आंदोलनकारियों के सम्मान में कार्यक्रम के दौरान दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की गई। साथ ही उत्तराखंड राज्य निर्माण में आंदोलनकारियों के ऐतिहासिक संघर्ष, त्याग और बलिदान को याद किया गया।
सांसद अजय भट्ट ने बताया कि दोनों दिवंगत आंदोलनकारियों के सम्मान में स्थापना दिवस समारोह को सादगीपूर्ण रखने का निर्णय लिया गया। इसके तहत सांस्कृतिक कार्यक्रम और नौकायन प्रतियोगिता निरस्त कर दी गईं।
राज्य आंदोलनकारी हमारे आदर्श और प्रेरणास्रोत: अजय भट्ट
समारोह को संबोधित करते हुए सांसद अजय भट्ट ने राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण आंदोलनकारियों के संघर्ष और बलिदान से संभव हुआ है। राज्य गठन के बाद से प्रदेश लगातार विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों ने अपने-अपने कार्यकाल में राज्य के विकास में योगदान दिया है। वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में विकास कार्यों को नई गति मिली है और प्रदेश विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ रहा है।
उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों का उत्तराखंड निर्माण में अतुलनीय योगदान रहा है। उनके सम्मान, कल्याण और समस्याओं के समाधान के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। आंदोलनकारियों की मांगों को पूरा करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सभी राज्य आंदोलनकारी उनके भाई और आदर्श हैं तथा उनका सम्मान और समस्याओं का समाधान प्राथमिकता है।
शहीद स्मारक पहुंचकर अमर आंदोलनकारियों को किया नमन
मुख्य समारोह से पूर्व सांसद अजय भट्ट, दिनेश आर्य, विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी सहित राज्य आंदोलनकारियों ने जू रोड स्थित शहीद स्मारक पहुंचकर पुष्प अर्पित किए और अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।
स्थानीय उत्पादों और महिला समूहों के स्टॉलों का किया निरीक्षण
कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय भट्ट और दिनेश आर्य ने विभिन्न विभागों तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया। स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उन्होंने स्टॉलों पर उपलब्ध उत्पादों की जानकारी ली। दोनों ने स्थानीय उत्पादों की गुणवत्ता और विविधता की सराहना करते हुए खरीदारी भी की तथा महिला स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का उत्साहवर्धन किया।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर विधायक सरिता आर्या, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती खेतवाल, दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा, शांति मेहरा, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल, एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी, अपर जिलाधिकारी विवेक राय, जिला विकास प्राधिकरण के सचिव मनीष कुमार, एसडीएम नवाजिश खलिक, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, एपीडी चंदा फर्त्याल सहित राज्य आंदोलनकारी मनोज जोशी, पुष्कर मेहरा, पूरन सिंह मेहरा, मोहन पाल, समीर आर्य, दया किशन पोखरिया, प्रकाश आर्य और नितिन कार्की मौजूद रहे।










