प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी का झांसा, राजपुरा में गिरफ्तारी; हल्द्वानी पुलिस ने खोला लूटकांड

हल्द्वानी – दीपावली की छुट्टियों में चंडीगढ़ से अपने घर पिथौरागढ़ लौट रहे युवक को टैक्सी में बैठाने का झांसा देकर सुनसान स्थान पर ले जाकर लूटपाट करने वाले दो आरोपियों को हल्द्वानी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा गया आईफोन, सोने की कान की बाली, हेडफोन और पांच हजार रुपये की नकदी बरामद की है। मामले के खुलासे के लिए पुलिस ने करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और सुरागरसी-पतारसी के बाद आरोपियों तक पहुंच बनाई।

टैक्सी दिलाने के बहाने सुनसान जगह ले गए आरोपी

पुलिस के अनुसार, 7 नवंबर 2026 को बेरीनाग, जनपद पिथौरागढ़ निवासी मुकेश भट्ट ने हल्द्वानी कोतवाली में तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि वह चंडीगढ़ में निजी नौकरी करते हैं और दीपावली की छुट्टियों में घर जाने के लिए बस से हल्द्वानी पहुंचे थे। रोडवेज बस स्टेशन पर पिथौरागढ़ जाने के लिए टैक्सी तलाशते समय दो अज्ञात व्यक्ति उनसे मिले। दोनों ने प्रेम टॉकीज के पास टैक्सी खड़ी होने की बात कहकर उन्हें अपने साथ चलने को कहा।

आरोप है कि दोनों व्यक्ति युवक को एक सुनसान स्थान पर ले गए और वहां उनका आईफोन, सात हजार रुपये नकद, हेडफोन तथा कान की सोने की बाली लूटकर फरार हो गए। तहरीर के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली में मुकदमा संख्या 383/2026, धारा 309(4) बीएनएस के तहत दो अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया।

100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों तक पहुंची पुलिस

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले का शीघ्र खुलासा करने और आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के क्षेत्रों में लगे करीब 100 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सुरागरसी-पतारसी करते हुए आरोपियों की तलाश तेज की गई।

पुलिस टीम ने 9 नवंबर 2026 को रेलवे क्रॉसिंग राजपुरा के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपी

  1. अभय सिंह उर्फ उड़ी पुत्र बबलू सिंह, निवासी वार्ड नंबर-12, राजपुरा, थाना हल्द्वानी, जनपद नैनीताल।
  2. सूरज आर्य पुत्र यशपाल आर्य, निवासी वार्ड नंबर-12, राजपुरा, थाना हल्द्वानी, जनपद नैनीताल।

लूटा गया सामान बरामद, मुकदमे में बढ़ाई धारा

पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से एक आईफोन, पीली धातु की एक छोटी कान की बाली, पांच हजार रुपये नकद और एक हेडफोन बरामद किया है। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम में ये रहे शामिल

  • उपनिरीक्षक कृपाल सिंह, प्रभारी चौकी भोटिया पड़ाव
  • कांस्टेबल विजय भारद्वाज
  • कांस्टेबल सतबीर सिंह

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें