पर्यटकों को जाम से राहत दिलाने की कवायद, अव्यवस्थित पार्किंग पर 85 वाहनों के चालान

नैनीताल – सरोवर नगरी में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और सड़क किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण लगने वाले जाम पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। मंगलवार को राजस्व, पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारियों ने संयुक्त रूप से विशेष अभियान चलाकर तल्लीताल से हनुमानगढ़ी के बीच सड़क किनारे अनाधिकृत रूप से खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 85 वाहनों के चालान किए गए।

उप जिलाधिकारी नवाज़िश खलिक ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग के कारण उत्पन्न होने वाले जाम से लोगों को राहत दिलाना और यातायात व्यवस्था को सरल, सुगम एवं सुरक्षित बनाना है।

उन्होंने कहा कि नैनीताल आने वाले पर्यटकों के साथ-साथ स्थानीय नागरिकों को भी जाम की समस्या से निजात दिलाना प्रशासन की प्राथमिकता है। प्रयास है कि पर्यटक सरोवर नगरी से सुखद अनुभव और खूबसूरत यादें लेकर लौटें।

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यातायात व्यवस्था में बाधा बनने वाली अव्यवस्थित पार्किंग के खिलाफ इस तरह की कार्रवाई का उद्देश्य शहर में आवागमन को सुगम बनाना और सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें