हल्द्वानी – दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने और जनपद में कानून-व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने अपराधियों और लंबे समय से फरार चल रहे वारंटियों के खिलाफ अभियान तेज कर दिया है। एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के तहत जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट (एनबीडब्ल्यू) की तामील कर कुल 18 वारंटियों को गिरफ्तार किया है।
एसपी क्राइम/ट्रैफिक डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह के मार्गदर्शन तथा संबंधित क्षेत्राधिकारियों के पर्यवेक्षण में यह अभियान चलाया गया। गिरफ्तार सभी वारंटियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
रामनगर में सबसे अधिक सात वारंटी गिरफ्तार
कोतवाली रामनगर पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए सात वारंटियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार लोगों में मौ. अनवर निवासी भवानीगंज गूलरघट्टी, प्रीतपाल सिंह कड़ाकोटी निवासी उदयपुरी बंदोबस्ती, ज्योति कौर निवासी थारी हल्दुवा, रोशन लाल निवासी तुमड़िया डाम मालधन चौड़, रमेश सिंह निवासी गोविंदपुर तुमड़िया, कुलवंत सिंह निवासी तुमड़िया डाम-1 चंद्रनगर और सोनू सिंह निवासी तुमड़िया डाम-1 मालधन शामिल हैं। पुलिस के अनुसार, इस कार्रवाई के दौरान एक अभियोग का निस्तारण भी किया गया।
बनभूलपुरा में पांच, काठगोदाम में दो गिरफ्तार
कोतवाली बनभूलपुरा पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक दिनेश सिंह फर्त्याल के नेतृत्व में पांच वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें फिरोज उर्फ पकिया निवासी गफूर बस्ती, फैजान उर्फ मुन्ना निवासी लाइन नंबर 18, मौ. आमिर कुरैशी निवासी लाइन नंबर 13 मीट मार्केट के पीछे, भूरा निवासी लाइन नंबर 18 तथा नाजिम हुसैन निवासी गांधीनगर शामिल हैं।
वहीं, कोतवाली काठगोदाम पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक जसवीर सिंह चौहान के नेतृत्व में दो वारंटियों को गिरफ्तार किया। इनमें जोगेंद्र प्रसाद निवासी जमरानी रोड, दमुवाढूंगा और विनोद आर्या निवासी रामलाल कॉलोनी, गौलापार शामिल हैं।
हल्द्वानी, तल्लीताल और लालकुआं में भी कार्रवाई
कोतवाली तल्लीताल पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक हरपाल सिंह के नेतृत्व में विजय कुमार निवासी हरिनगर, तल्लीताल को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ धारा 138 एनआई एक्ट के तहत न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी था।
कोतवाली हल्द्वानी पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक विजय मेहता के नेतृत्व में रोहित कर्मवाल उर्फ लकी शूटर निवासी सखावतगंज, तिकोनिया को गिरफ्तार किया। वह आबकारी अधिनियम की धारा 60 से संबंधित मामले में जारी वारंट में वांछित था।
इसी क्रम में कोतवाली लालकुआं की हल्दूचौड़ चौकी पुलिस ने पवन जोशी निवासी किशनपुर सकुलिया, मोटाहल्दू को गिरफ्तार किया। उसके खिलाफ भी न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी था।
बेतालघाट पुलिस ने घर से पकड़ा वारंटी
थाना बेतालघाट पुलिस ने थानाध्यक्ष के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए भरत सिंह निवासी ग्राम नैनीचक हल्सों कोरड़ को उसके घर से गिरफ्तार किया। वह आबकारी अधिनियम की धारा 60 के तहत दर्ज मामले में न्यायालय से जारी गैर जमानती वारंट में वांछित था।
न्यायालय में पेश किए जा रहे सभी गिरफ्तार वारंटी
नैनीताल पुलिस के अनुसार, ऑपरेशन प्रहार के तहत जिलेभर में वारंटियों की धरपकड़ का अभियान जारी है। गिरफ्तार किए गए सभी 18 वारंटियों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए आगे भी अभियान जारी रहेगा।










