पर्यटन और व्यापार को मिलेगी रफ्तार, काठगोदाम-दिल्ली वंदे भारत की मांग तेज

हल्द्वानी – कुमाऊं को राजधानी दिल्ली से तेज और आधुनिक रेल सेवा से जोड़ने की मांग एक बार फिर जोर पकड़ने लगी है। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर संसदीय क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री अजय भट्ट ने संसद भवन में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात कर काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस संचालित करने की मांग उठाई।

सांसद अजय भट्ट ने रेल मंत्री को सौंपे गए मांग पत्र में कहा कि काठगोदाम कुमाऊं का प्रमुख रेलवे स्टेशन होने के साथ-साथ पूरे क्षेत्र का प्रवेश द्वार है। यहां से प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक, विद्यार्थी, व्यापारी और स्थानीय यात्री दिल्ली सहित अन्य शहरों की यात्रा करते हैं। ऐसे में क्षेत्र की बढ़ती जरूरतों को देखते हुए वंदे भारत जैसी आधुनिक और तेज रफ्तार ट्रेन की आवश्यकता महसूस की जा रही है।

उन्होंने कहा कि वर्तमान में काठगोदाम और दिल्ली के बीच कई रेल सेवाएं संचालित हैं, लेकिन उनकी समय-सारणी और यात्रा अवधि यात्रियों की आवश्यकताओं के अनुरूप नहीं है। यदि सुबह काठगोदाम से वंदे भारत एक्सप्रेस चलाई जाती है तो यात्री उसी दिन सुबह दिल्ली पहुंच सकेंगे और शाम को दिल्ली से लौटकर रात तक काठगोदाम वापस आ सकेंगे। इससे व्यापारिक, शैक्षणिक और सरकारी कार्यों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को बड़ी सुविधा मिलेगी।

सांसद ने कहा कि इस सेवा के शुरू होने से कुमाऊं के पर्यटन उद्योग को नई गति मिलेगी, स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और क्षेत्र की आर्थिक गतिविधियों को भी मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से इस ट्रेन की मांग कर रही है।

अजय भट्ट ने रेल मंत्री को यह भी अवगत कराया कि वह इस संबंध में पहले भी दो बार पत्र लिख चुके हैं तथा व्यक्तिगत रूप से भी कई बार अनुरोध कर चुके हैं। उन्होंने जनभावनाओं का हवाला देते हुए काठगोदाम-दिल्ली-काठगोदाम के बीच दैनिक प्रातःकालीन वंदे भारत एक्सप्रेस का संचालन शीघ्र शुरू करने का आग्रह किया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें