कालाढूंगी – केंद्रीय संचार, सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से पीएम श्री उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज, कालाढूंगी में “विकसित भारत @2047” एवं “नशा मुक्त भारत अभियान” विषय पर जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में चित्र प्रदर्शनी, नुक्कड़ नाटक, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से विद्यार्थियों एवं आमजन को राष्ट्र निर्माण और नशामुक्त समाज का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दर्जा राज्य मंत्री श्रीमती शांति मेहरा ने चित्र प्रदर्शनी का फीता काटकर किया। इसके बाद क्षेत्रीय विधायक बंशीधर भगत, दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, ब्लॉक प्रमुख श्रीमती मनीषा जंतवाल एवं नगर पालिका परिषद अध्यक्ष श्रीमती रेखा कत्यूरा ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
कार्यक्रम में केंद्रीय संचार ब्यूरो, क्षेत्रीय कार्यालय नैनीताल के कलाकारों ने “पुनर्वास की आस” नामक प्रभावशाली नाटक प्रस्तुत कर युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवन अपनाने का संदेश दिया। नाटक को उपस्थित लोगों ने खूब सराहा।
महिला एवं बाल विकास विभाग, कोटाबाग की ओर से गर्भवती एवं धात्री महिलाओं की गोद भराई तथा छह माह से अधिक आयु के बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार भी संपन्न कराया गया। वहीं, सांस्कृतिक कला उत्थान समिति, खुर्पाताल के कलाकारों ने लोक संस्कृति और जनजागरूकता से ओतप्रोत रंगारंग प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मन मोह लिया।
कार्यक्रम के दौरान “विकसित भारत @2047” विषय पर आयोजित प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। अर्चना भट्ट, हिना बिष्ट, वैशाली जलाल, जिया, रचित गंगोला, छाया आर्य और अंजली पांडे सहित कई प्रतिभागियों ने सही उत्तर देकर पुरस्कार प्राप्त किए।
इस अवसर पर विकसित भारत @2047 अभियान की नैनीताल जिला लोकपाल श्रीमती पुष्पा कांडपाल ने “जी राम जी” विधेयक की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके उद्देश्यों और संभावित लाभों पर प्रकाश डाला।
अपने संबोधन में विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि विकसित ग्राम सभा कार्यक्रम के अंतर्गत “रोजगार एवं आजीविका गारंटी मिशन – जी राम जी” ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार सृजन और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा तथा विकास की नई इबारत लिखेगा।
कार्यक्रम का संचालन शंभू दत्त साहिल ने किया। इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य एक सिंह, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से डॉ. मदन गोनल, खंड विकास कार्यालय कोटाबाग के अधिकारी, केंद्रीय संचार ब्यूरो के दीपक शर्मा, गोपेश सिंह बिष्ट, आनंद बिष्ट, भास्कर जोशी, दीवान सिंह, भूपेंद्र सिंह जड़ौद, शोभा चरक, दीपा जोशी, श्रद्धा गुरु, रानी तिवारी, शर्मिष्ठा बिष्ट सहित विद्यालय परिवार, विभिन्न विभागों के अधिकारी, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे।











