हल्द्वानी – भारतीय पुलिस सेवा के 2017 बैच के अधिकारी अर्पण यदुवंशी ने शुक्रवार को नैनीताल जनपद के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) का कार्यभार ग्रहण कर लिया। जनपद पहुंचने के बाद उन्होंने सबसे पहले काठगोदाम स्थित श्री हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। इसके बाद पुलिस कार्यालय हल्द्वानी पहुंचकर पदभार संभाला।
पुलिस कार्यालय पहुंचने पर सलामी गार्द ने उन्हें सलामी दी। इसके बाद नैनीताल पुलिस के राजपत्रित अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। अर्पण यदुवंशी को अनुशासित, कर्तव्यनिष्ठ और परिणामोन्मुख कार्यशैली वाले अधिकारी के रूप में जाना जाता है। अपने सेवाकाल में उन्होंने पुलिस और आपदा प्रबंधन से जुड़े कई महत्वपूर्ण दायित्व निभाए हैं।
सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान में निभाई अहम भूमिका
अर्पण यदुवंशी इससे पहले पुलिस अधीक्षक रेलवे (जीआरपी) के पद पर तैनात रहे, जहां उन्होंने रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा तथा अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद उन्होंने करीब ढाई वर्ष तक पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी के रूप में सेवाएं दीं। इस दौरान चारधाम यात्रा में गंगोत्री और यमुनोत्री आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था का संचालन किया।
उत्तरकाशी में तैनाती के दौरान सिलक्यारा सुरंग बचाव अभियान में उन्होंने घटना कमांडर की भूमिका निभाई। विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय स्थापित कर सुरंग में फंसे 41 श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के अभियान में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की।
एसडीआरएफ के नेतृत्व में आपदा प्रबंधन का अनुभव
यदुवंशी ने करीब दो वर्ष तक सेनानायक, राज्य आपदा प्रतिवादन बल (एसडीआरएफ) के रूप में भी जिम्मेदारी संभाली। प्रयागराज महाकुंभ-2025 में एसडीआरएफ की तैनाती और संचालन का नेतृत्व किया। वहीं अगस्त 2025 में धराली आपदा के दौरान उनके नेतृत्व में 1,386 लोगों को सुरक्षित रेस्क्यू किया गया तथा 17 हजार लोगों तक भोजन पहुंचाया गया।
उनके कार्यकाल में एसडीआरएफ उत्तराखंड को ISO 9001:2015 प्रमाणन प्राप्त हुआ। इस अवधि में करीब 1.80 लाख लोगों को आपदा प्रबंधन और सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया गया।
राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी किया प्रतिनिधित्व
अर्पण यदुवंशी ने BRICS आपदा जोखिम न्यूनीकरण कार्य समूह में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व किया। उन्होंने सिलक्यारा बचाव अभियान के अनुभवों को अंतरराष्ट्रीय मंच पर साझा किया। इसके अलावा राष्ट्रीय सुशासन केंद्र (NCGG), लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासन अकादमी (LBSNAA) और सरदार पटेल राष्ट्रीय पुलिस अकादमी जैसे संस्थानों में आपदा प्रबंधन विषय पर व्याख्यान भी दिए।
कई प्रतिष्ठित सम्मानों से हो चुके हैं सम्मानित
सेवाकाल के दौरान उनके कार्यों के लिए उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय से प्रशंसा-पत्र, मुख्यमंत्री उत्कृष्ट सेवा पदक-2024, महाकुंभ सेवा पदक-2025, अमेरिकी दूतावास का प्रशंसा पदक, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (NDMA) से प्रशस्ति तथा पुलिस महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर सहित कई सम्मान प्राप्त हुए हैं।
नैनीताल जनपद में एसएसपी के रूप में उनकी नई जिम्मेदारी को देखते हुए उनके पूर्व अनुभव को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और जनसुरक्षा से जुड़ी चुनौतियों के बीच उनके नेतृत्व और अनुभव पर अब नैनीताल पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर निगाहें रहेंगी।











