भीमताल – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के रामगढ़ ब्लॉक में लंबे समय से बदहाल मल्ला रामगढ़ से उमागढ़ मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण का रास्ता साफ हो गया है। सड़क निर्माण कार्य के लिए शासन ने 1 करोड़ 78 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर दी है। इस संबंध में शासनादेश भी जारी हो चुका है। लोक निर्माण मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विभागीय अधिकारियों को जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए हैं।
मल्ला रामगढ़ से उमागढ़ तक मोटर मार्ग की स्थिति लंबे समय से खराब बनी हुई थी। सड़क की बदहाली के चलते ग्रामीणों, किसानों और अन्य लोगों को आवागमन में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। विशेषकर बरसात के मौसम में ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ जाती थीं। स्थानीय लोगों ने सड़क के सुधारीकरण और डामरीकरण की मांग मंत्री राम सिंह कैड़ा के समक्ष उठाई थी।
ग्रामीणों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए मंत्री कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को मोटर मार्ग के सुधारीकरण और डामरीकरण के लिए डीपीआर तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए थे। इसके बाद शासन स्तर से 1.78 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई और शासनादेश जारी कर दिया गया।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि मल्ला रामगढ़ से उमागढ़ मोटर मार्ग पर जल्द ही सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य शुरू कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त मोटर मार्गों के सुधारीकरण और डामरीकरण का कार्य लगातार कराया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता की समस्याओं का समाधान करना सरकार की प्राथमिकता है और इस दिशा में निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। मंत्री ने स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार भी व्यक्त किया। वहीं, सड़क निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृत होने पर क्षेत्रीय लोगों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताया है।











