हल्द्वानी – संविधान दिवस के अवसर पर गुरुवार को नैनीताल जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई गई। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान के मूल्यों, आदर्शों और उसमें निहित नागरिक कर्तव्यों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
हल्द्वानी स्थित मंडलायुक्त कार्यालय में मंडलायुक्त दीपक रावत ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की उद्देशिका की शपथ दिलाई। वहीं, जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने शपथ दिलाई। मुख्य कोषागार में मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी तथा मंडलायुक्त कार्यालय नैनीताल में अपर मंडलायुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया ने संविधान की उद्देशिका का पाठ कराते हुए शपथ दिलाई। इसके अतिरिक्त जनपद के विभिन्न सरकारी कार्यालयों में कार्यालय अध्यक्षों और जिला स्तरीय अधिकारियों की ओर से भी संविधान दिवस के अवसर पर शपथ कार्यक्रम आयोजित किए गए।
इस अवसर पर मंडलायुक्त दीपक रावत और जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर का दिन देश के नागरिकों के लिए विशेष महत्व रखता है। इसी दिन वर्ष 1949 में संविधान सभा ने भारतीय संविधान को विधिवत अंगीकृत किया था, जबकि इसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया।
उन्होंने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को मौलिक अधिकार प्रदान करने के साथ ही उसके कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का भी बोध कराता है। संविधान में निहित मौलिक अधिकार नागरिकों के हितों की रक्षा करते हैं, वहीं मौलिक कर्तव्य हमें राष्ट्र, समाज और देश के प्रति अपने दायित्वों की याद दिलाते हैं।
उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से अपेक्षा की कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ करें तथा संविधान के आदर्शों को अपने कार्यव्यवहार में अपनाते हुए देश की सेवा में योगदान दें।











