सरस मेले में खरीदारी कर सीडीओ ने दिया संदेश, स्थानीय उत्पाद अपनाएं और महिलाओं को बनाएं आत्मनिर्भर

हल्द्वानी – महिला स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने और स्थानीय हुनर को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आयोजित सरस मेले में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डेय ने परिवार सहित पहुंचकर करीब 37,325 रुपये की खरीदारी की। उन्होंने मेले में लगे विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया और समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों व पारंपरिक हस्तशिल्प सामग्री में विशेष रुचि दिखाई।

इस दौरान सीडीओ ने कहा कि ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को आगे बढ़ाने के लिए स्थानीय उत्पादों और पारंपरिक हस्तशिल्प को अधिक से अधिक बाजार उपलब्ध कराना जरूरी है। इससे महिला स्वयं सहायता समूहों की आय में वृद्धि होगी और महिलाएं आर्थिक रूप से सशक्त एवं आत्मनिर्भर बन सकेंगी। उन्होंने आमजन से भी सरस मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करने तथा महिला समूहों के प्रयासों को प्रोत्साहित करने की अपील की।

ड्राई फ्रूट से पहाड़ी नमक तक, एक ही छत के नीचे स्थानीय उत्पाद

सरस मेले में देश के विभिन्न क्षेत्रों के पारंपरिक और स्थानीय उत्पाद आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। यहां ड्राई फ्रूट, काष्ठ शिल्प सामग्री के साथ उत्तराखंड के पारंपरिक उत्पाद झंगोरा, मांडुवा, लाल चावल, विभिन्न प्रकार की बड़ियां, पहाड़ी नमक और बद्री गाय का देशी घी उपलब्ध हैं। इसके अलावा हस्तनिर्मित कपड़े, शॉल और अन्य हस्तशिल्प उत्पाद भी लोगों को आकर्षित कर रहे हैं।

मेले में खरीदारी के साथ बच्चों और बड़ों के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूलों की व्यवस्था भी की गई है। सरस मेला महिला स्वयं सहायता समूहों को अपने उत्पादों के प्रदर्शन, बिक्री और विपणन के लिए मंच उपलब्ध करा रहा है। इससे स्थानीय उत्पादों को पहचान मिलने के साथ ही समूहों को अपनी आजीविका मजबूत करने का अवसर मिल रहा है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें