आग बुझाने की तैयारी का परीक्षण, पांच कर्मचारियों को सुरक्षित निकालने का किया अभ्यास

नैनीताल – आपातकालीन परिस्थितियों में राहत एवं बचाव व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए गुरुवार को मंडलायुक्त कार्यालय (कमिश्नरी) में अग्निकांड की घटना पर आधारित मॉक अभ्यास किया गया। शॉर्ट सर्किट से आग लगने की काल्पनिक स्थिति बनाकर विभिन्न विभागों की प्रतिक्रिया, समन्वय और बचाव कार्यों का परीक्षण किया गया। अभ्यास के दौरान फायर सर्विस और एसडीआरएफ की टीमें करीब 20 मिनट में घटनास्थल पर पहुंच गईं। हालांकि, इस दौरान फायर हाइड्रेंट में कम दबाव और बिजली के खंभों पर झूलते तारों के कारण अग्निशमन वाहन के आवागमन में आ रही बाधाओं जैसी कमियां भी सामने आईं। इस पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए।

मॉक अभ्यास के अनुसार, दोपहर 12:17 बजे कमिश्नरी कार्यालय में धुआं उठने की सूचना जिला आपदा कंट्रोल रूम को दी गई। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र के टोल फ्री नंबर 1077 पर सूचना मिलने के बाद फायर स्टेशन और राहत एवं बचाव दल को तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। सूचना के लगभग 20 मिनट के भीतर फायर सेफ्टी टीम और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंच गई। इसके बाद विभिन्न विभागों ने आपसी समन्वय से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

अभ्यास के दौरान सबसे पहले विद्युत आपूर्ति बंद कराई गई और आग बुझाने की कार्रवाई की गई। काल्पनिक घटना में आग से झुलसे दो कर्मचारियों और अफरातफरी के दौरान घायल हुए तीन अन्य कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर उपचार के लिए बीडी पांडे चिकित्सालय भेजा गया। इसके साथ ही आसपास के भवनों की सुरक्षा जांच की गई और संभावित खतरे वाले क्षेत्रों में बैरिकेडिंग कर आवाजाही प्रतिबंधित की गई।

फायर हाइड्रेंट का कम दबाव और झूलते तार बने चुनौती

मॉक अभ्यास के दौरान अग्निशमन व्यवस्था से जुड़ी कुछ महत्वपूर्ण खामियां भी सामने आईं। कमिश्नरी और जिला न्यायालय के आसपास स्थापित फायर हाइड्रेंट में पानी का दबाव कम पाया गया। वहीं, रास्ते में बिजली के खंभों पर झूलते तारों के कारण अग्निशमन वाहन कमिश्नरी गेट तक नहीं पहुंच सका। इन कमियों पर मंडलायुक्त दीपक रावत ने नाराजगी जताई।

उन्होंने जल संस्थान के अभियंताओं को निर्देश दिए कि ऐतिहासिक, लकड़ी से निर्मित और आग की दृष्टि से संवेदनशील भवनों के आसपास स्थापित सभी फायर हाइड्रेंट का दबाव जांचा जाए। जहां भी कमी मिले, उसे वैज्ञानिक तरीके से दूर किया जाए। इसके अलावा विद्युत तारों के साथ अन्य केबलों की भी जांच कर उन्हें व्यवस्थित करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने यह भी कहा कि जिन क्षेत्रों में अग्निशमन विभाग के बड़े वाहन नहीं पहुंच सकते अथवा रास्तों में सीढ़ियां और अन्य बाधाएं हैं, उनका अलग से आकलन किया जाए। ऐसे स्थानों के लिए वैकल्पिक अग्निशमन एवं राहत-बचाव व्यवस्था की योजना तैयार की जाए, ताकि वास्तविक आपात स्थिति में राहत कार्य प्रभावित न हों।

आपदा से निपटने की तैयारियों को परखना रहा उद्देश्य

मंडलायुक्त दीपक रावत ने कहा कि मॉक अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपातकालीन परिस्थितियों में विभिन्न विभागों के बीच त्वरित समन्वय, समयबद्ध प्रतिक्रिया और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने की तैयारियों को परखना था। उन्होंने कहा कि अभ्यास के दौरान सामने आई कमियों को दूर करना जरूरी है, ताकि वास्तविक अग्निकांड की स्थिति में प्रभावी ढंग से राहत एवं बचाव कार्य संचालित किए जा सकें।

मॉक अभ्यास में अपर आयुक्त त्रिलोक सिंह मर्तोलिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें