भीमताल – विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न जनसमस्याओं के समाधान और विकास कार्यों को गति देने के उद्देश्य से आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं दर्जा राज्यमंत्री भावना मेहरा ने बुधवार को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए उनके समाधान के लिए ज्ञापन सौंपा।
मुलाकात के दौरान भावना मेहरा ने भीमताल महायोजना के शीघ्र अनुमोदन का विषय प्रमुखता से उठाया। उन्होंने विभिन्न प्रयोजनों के लिए चयनित भूमि और प्राधिकरण क्षेत्र में भवन निर्माण से जुड़े नियमों में व्यावहारिक छूट देने की मांग की। साथ ही 100 वर्ग मीटर तक भवन निर्माण की अनुमति देने और वन टाइम सेटलमेंट योजना लागू करने का प्रस्ताव भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा। इसके अलावा भू-उपयोग से संबंधित समस्याओं पर भी चर्चा की गई।
उन्होंने भीमताल विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न सड़कों की बदहाल स्थिति का मुद्दा उठाते हुए उनके सुधारीकरण और मरम्मत की मांग की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के कई स्थानों पर सड़क सुधार की आवश्यकता है। इन कार्यों को प्राथमिकता से पूरा किए जाने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सुविधा मिलेगी।
भावना मेहरा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के नागरिक लंबे समय से इन समस्याओं के समाधान की अपेक्षा कर रहे हैं। संबंधित विषयों पर सकारात्मक निर्णय होने से आम जनता को राहत मिलेगी और क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने मुख्यमंत्री से जनहित से जुड़े इन मामलों में शीघ्र कार्रवाई करने और संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने का अनुरोध किया।
इस दौरान उन्होंने चाफी स्थित गोल्ज्यू मंदिर और मुक्तेश्वर मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए धनराशि स्वीकृत किए जाने पर मुख्यमंत्री का आभार भी जताया। उन्होंने कहा कि धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों का विकास क्षेत्र की सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने के साथ पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा देगा। इससे स्थानीय लोगों के लिए रोजगार और आजीविका के नए अवसर विकसित होने की उम्मीद है।











