एसएसपी के निर्देश पर पुलिस की त्वरित कार्रवाई, चोरी के जेवर और नकदी के साथ आरोपी गिरफ्तार

हल्द्वानी – घर में गीजर ठीक करने के बहाने पहुंचकर अलमारी से सोने के जेवर चोरी करने के मामले का हल्द्वानी पुलिस ने खुलासा कर दिया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 33 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब पांच तोले वजन के सोने के दो कड़े और 2 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए गए हैं।

पुलिस के मुताबिक, गुरुनानकपुरा निवासी अतुल नागपाल पुत्र स्वर्गीय यशपाल नागपाल ने 25 नवंबर 2026 को कोतवाली हल्द्वानी में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को आसिफ नाम का व्यक्ति उनके घर गीजर ठीक करने के बहाने आया था। आरोप है कि इसी दौरान उसने घर की अलमारी में रखे सोने के जेवर चोरी कर लिए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा अपराध संख्या 400/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305(4) में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुलिस टीम को जल्द घटना का खुलासा कर आरोपी की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक रोहताश सागर के नेतृत्व में गठित टीम ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। साथ ही सुरागरसी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर संदिग्ध की तलाश शुरू की।

पुलिस जांच में आरोपी की पहचान आसिफ पुत्र शमीम अहमद निवासी लाइन नंबर-18, आजाद नगर, चोरगलिया रोड, थाना बनभूलपुरा, नैनीताल के रूप में हुई। पुलिस टीम ने 26 नवंबर को उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की निशानदेही पर चोरी किए गए पीली धातु के दो कड़े, जिनका वजन करीब पांच तोले बताया गया है, तथा 2 लाख 29 हजार रुपये नकद बरामद किए गए।

पुलिस ने बरामदगी के आधार पर मुकदमे में बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें