मन की बात से जनसंवाद तक, हल्द्वानी में सांसद अजय भट्ट ने जनता से किया सीधा संवाद

हल्द्वानी – नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा क्षेत्र के सांसद एवं पूर्व केंद्रीय रक्षा एवं पर्यटन राज्य मंत्री अजय भट्ट ने रविवार को हल्द्वानी के कालाढूंगी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मुखानी मंडल के बूथ संख्या-213 पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ का भारतीय जनता पार्टी के पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों के साथ सामूहिक श्रवण किया।

मुखानी स्थित त्रिलोक सिंह के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना गया और राष्ट्र निर्माण, जनभागीदारी तथा सामाजिक उत्तरदायित्व से जुड़े विषयों पर चर्चा की गई।

इस अवसर पर सांसद अजय भट्ट ने कहा कि ‘मन की बात’ केवल एक रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि देशवासियों को सकारात्मक सोच, सामाजिक सरोकार और राष्ट्रहित के कार्यों से जोड़ने वाला प्रभावी संवाद है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विचार समाज के प्रत्येक वर्ग को देश के विकास में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हैं और राष्ट्र को एकता एवं विकास के सूत्र में बांधने का कार्य करते हैं।

कार्यक्रम के बाद सांसद अजय भट्ट ने कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों से संवाद कर उनकी समस्याएं और सुझाव सुने। उन्होंने जनहित से जुड़े विभिन्न मामलों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के निर्देश भी दिए।

सांसद ने कहा कि जनता की सेवा, उनकी समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण और क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने भाजपा कार्यकर्ताओं से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी सक्रियता और समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें