बेटे के सामने हुई मां की दर्दनाक मौत, बाइक के पहिये में फंसा दुपट्टा

हल्द्वानी/किच्छा – बेटे के साथ बाइक पर घर लौट रही एक महिला के लिए दुपट्टा जानलेवा साबित हुआ। बाइक के पिछले पहिये में दुपट्टा फंसने से महिला असंतुलित होकर सिर के बल सड़क पर गिर गई। सिर में गंभीर चोट लगने से वह लहूलुहान हो गई। गंभीर हालत में उसे सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार ऊधमसिंह नगर के किच्छा नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड नंबर-5 निवासी 50 वर्षीय रमा, पत्नी स्वर्गीय सुरेश, शनिवार दोपहर अपने बेटे के साथ मंदिर में दर्शन कर बाइक से घर लौट रही थीं। पुलभट्ठा के समीप अचानक उनका दुपट्टा बाइक के पहिये में फंस गया, जिससे वह सड़क पर सिर के बल गिर पड़ीं।

हादसे में उनके सिर पर गंभीर चोट लगी और काफी खून बह गया। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें पहले किच्छा के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने पर चिकित्सकों ने उन्हें सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। शाम को उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।

मृतका के देवर महेश ने बताया कि हादसे में सिर पर गंभीर चोट लगने के कारण अत्यधिक रक्तस्राव हुआ। उन्होंने बताया कि रमा अपने पीछे दो बेटे और दो बेटियों का परिवार छोड़ गई हैं। इनमें दो बच्चों का विवाह हो चुका है।

महेश ने बताया कि करीब तीन वर्ष पहले रमा के पति सुरेश का भी बीमारी के चलते निधन हो गया था। उस समय भी उन्हें गंभीर हालत में सुशीला तिवारी अस्पताल लाया गया था। सुरेश नगर पालिका में ठेकेदारी का कार्य करते थे।

मेडिकल चौकी पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी कर शव परिजनों को सौंप दिया। किच्छा कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर ली गई है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें