तेज बहाव में पलटी कार, 15 मिनट में पहुंची पुलिस ने जान की बाजी लगाकर बचाया….

हल्द्वानी जागेश्वर धाम से दर्शन कर लौट रहे श्रद्धालुओं का वाहन रविवार देर रात शेरनाले के तेज बहाव में बह गया। पीलीभीत (उत्तर प्रदेश) के ये श्रद्धालु एक फॉर्च्यूनर कार से घर लौट रहे थे, जब हल्द्वानी-चोरगलिया हाईवे पर पानी के तेज बहाव में उनकी गाड़ी पलट गई। गनीमत रही कि वाहन थोड़ी दूर जाकर एक बड़े पत्थर से अटक गया, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

घटना रात करीब 12 बजे की है। भारी बारिश के चलते नाले का जलस्तर पहले से बढ़ा हुआ था। चालक ने जोखिम उठाते हुए नाले को पार करने का प्रयास किया, लेकिन बीच धार में गाड़ी असंतुलित होकर पलट गई। कार में सवार लोगों की चीख-पुकार सुनकर पास में पुल निर्माण कार्य में लगे मजदूरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चोरगलिया थानाध्यक्ष राजेश जोशी पुलिस टीम और ग्रामीणों के साथ मात्र 15 मिनट में घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने तुरंत रस्सी और अन्य बचाव उपकरणों के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। लाइफ जैकेट पहनकर पुलिसकर्मी दस मीटर दूर पानी में फंसी कार तक पहुंचे और उसके शीशे तोड़कर एक-एक कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला।

रेस्क्यू किए गए यात्रियों में अमन कश्यप, राहुल कश्यप, टीटू दिवाकर, मनीष लोधी, रमेश चंद्र, चंद्र सेन, अंकित कटियार, करन लोधी, रोहित कश्यप और अभिमन्यु जैसे श्रद्धालु शामिल थे, जो सभी पीलीभीत जिले के निवासी हैं।

चालक राहुल कश्यप ने बताया कि नाले पर पहुंचने के समय पानी का बहाव हल्का लग रहा था, लेकिन अचानक धारा तेज हो गई और वाहन बह गया। मौसम विभाग द्वारा पहले ही भारी बारिश की चेतावनी दी गई थी। पुलिस प्रशासन को सतर्क कर दिया गया था, इसी का नतीजा रहा कि रेस्क्यू समय रहते प्रभावी ढंग से किया जा सका।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें