राज्य मंत्रियों के सम्मान में जुटे पूर्व सैनिक, जनसेवा के संकल्प हुए मजबूत

रुद्रपुर। उत्तराखंड सरकार में महत्वपूर्ण दायित्व मिलने पर 20 सूत्रीय कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) रामपाल सिंह तथा उत्तराखंड सैनिक पुनर्वास कल्याण परिषद के उपाध्यक्ष (दर्जा राज्य मंत्री) कैप्टन गंभीर सिंह धामी (सेवानिवृत्त) का मेट्रोपोलिस सोसायटी में पूर्व सैनिक लीग द्वारा भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया गया।

समारोह में बड़ी संख्या में पूर्व सैनिकों, समाजसेवियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया। इस दौरान पूर्व सैनिक लीग के पदाधिकारियों ने दोनों अतिथियों का पुष्पगुच्छ, माल्यार्पण एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखंड सरकार द्वारा दोनों जनप्रतिनिधियों को सौंपे गए महत्वपूर्ण दायित्व उनके जनसेवा, सामाजिक सरोकारों और कार्यक्षमता का सम्मान हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में जनकल्याणकारी योजनाओं का बेहतर क्रियान्वयन होगा तथा पूर्व सैनिकों एवं सैनिक परिवारों की समस्याओं के समाधान को नई दिशा मिलेगी।

अपने संबोधन में रामपाल सिंह ने पूर्व सैनिकों एवं उपस्थित जनसमूह का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी निष्ठा, ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी।

वहीं कैप्टन गंभीर सिंह धामी ने पूर्व सैनिक लीग का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं सैनिक परिवारों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए वे सदैव प्रतिबद्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि सैनिक समाज के सम्मान और पुनर्वास से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा।

कार्यक्रम में बी.एस. नेगी, खड़क सिंह खड़का, कैप्टन आत्मा सिंह, शंकर सिंह पटवाल, पीयूष भाटिया, गिरधर सिंह, अश्वनी पांडे, त्रिलोक सिंह नेगी, योगेश वर्मा, जीवन सिंह, धर्म सिंह बिष्ट, विजय गिरी, बलराम सिंह, मनीष पांडेय, हरीश चौधरी सहित अनेक पूर्व सैनिक, समाजसेवी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें