हल्द्वानी – दीपावली पर्व के मद्देनजर नैनीताल पुलिस ने जिले में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद करने की तैयारी तेज कर दी है। त्योहारी सीजन में बैंक, एटीएम और सर्राफा प्रतिष्ठानों को निशाना बनाने वाली आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस ने निगरानी बढ़ाने के साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश जारी किए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर बुधवार को मिनी पुलिस लाइन हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में एसपी हल्द्वानी हरबन्स सिंह की अध्यक्षता में बैंक प्रबंधकों और सर्राफा कारोबारियों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। इसमें दीपावली के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने और वित्तीय प्रतिष्ठानों की सुरक्षा को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
म्यूल खातों और संदिग्ध लेन-देन पर रहेगी नजर
पुलिस ने बैंक प्रबंधकों को संदिग्ध बैंक खातों और म्यूल अकाउंट पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। खाता खोलते समय खाताधारकों के पते और दस्तावेजों का उचित सत्यापन करने के साथ ही संदिग्ध लेन-देन की पहचान के लिए अलर्ट सिस्टम विकसित करने को कहा गया। संदिग्ध धनराशि के हस्तांतरण को रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए गए।
बड़ी रकम निकालने वालों को किया जाए जागरूक
बैंकों से बड़ी धनराशि निकालने वाले ग्राहकों को अनजान व्यक्तियों से सतर्क रहने और किसी के बहकावे में न आने के प्रति जागरूक करने को कहा गया। यदि किसी ग्राहक को पीछा किए जाने या किसी संदिग्ध गतिविधि का आभास हो तो तत्काल डायल 112 अथवा नजदीकी पुलिस को सूचना देने की सलाह देने के निर्देश दिए गए। वरिष्ठ नागरिकों को भी बैंक कर्मियों के माध्यम से सुरक्षा संबंधी जरूरी जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया।
सीसीटीवी और सुरक्षा गार्डों की व्यवस्था अनिवार्य
पुलिस ने सभी बैंक प्रबंधकों को प्रतिष्ठानों में सुरक्षा गार्डों की तैनाती सुनिश्चित करने और उनके पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश दिए। बैंक परिसर के साथ बाहरी क्षेत्र में भी सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा पहले से लगे कैमरों को हमेशा क्रियाशील रखने को कहा गया। एटीएम के बाहर सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और उनकी नियमित निगरानी पर भी जोर दिया गया।
सर्राफा बाजारों में गश्त बढ़ाएगी पुलिस
सर्राफा कारोबारियों को ग्राहकों को सुरक्षा संबंधी सावधानियों के प्रति जागरूक करने और संदिग्ध व्यक्तियों तथा गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए गए। बैंक परिसरों में अनावश्यक भीड़ जमा न होने देने और संदिग्ध व्यक्तियों की निगरानी एवं आवश्यक जांच करने को भी कहा गया।
थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैंकों और सर्राफा बाजारों में नियमित पुलिस गश्त करने के निर्देश दिए गए। प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी को पटेल चौक, सदर बाजार सहित अन्य प्रमुख स्थानों पर विशेष निगरानी रखने तथा फड़-ठेली लगाने वालों का समय-समय पर सत्यापन कराने को कहा गया।
पूरे जिले में होगी सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने जनपद के सभी संबंधित क्षेत्राधिकारियों और थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में बैंक प्रबंधकों एवं सर्राफा कारोबारियों के साथ बैठकें आयोजित कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का उद्देश्य दीपावली के दौरान पूरे जिले में प्रभावी निगरानी और सुरक्षित माहौल सुनिश्चित करना है।
गोष्ठी में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय मेहता, प्रभारी निरीक्षक काठगोदाम जसवीर सिंह चौहान, प्रभारी निरीक्षक बनभूलपुरा दिनेश फर्त्याल, प्रभारी निरीक्षक मुखानी सुशील जोशी सहित विभिन्न बैंकों के प्रबंधक और सर्राफा कारोबारी मौजूद रहे।
नैनीताल पुलिस की अपील
पुलिस ने आमजन से दीपावली पर्व शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से मनाने में सहयोग की अपील की है। बैंक या एटीएम से बड़ी धनराशि निकालते समय विशेष सतर्कता बरतने और किसी भी संदिग्ध व्यक्ति अथवा गतिविधि की सूचना तत्काल डायल 112 पर देने की अपील की गई है।c












