रामनगर के बाजारों में खाद्य सुरक्षा टीम की दस्तक, गुड़ के नमूने जांच को भेजे

रामनगर। आगामी त्योहारी सीजन में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने रामनगर में निरीक्षण अभियान चलाया। आयुक्त खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन उत्तराखंड और जिलाधिकारी के निर्देश तथा उपजिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान के दिशा-निर्देशन में विभागीय टीम ने बजाजा लाइन, कसेरा लाइन, ज्वाला लाइन, नई लाइन और कोसी रोड स्थित थोक एवं फुटकर खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

गुड़ में शिकायत मिलने पर लिए पांच नमूने

विभाग के अनुसार, 3 नवंबर को रामनगर के एक खाद्य कारोबारी के यहां गुड़ को लेकर शिकायत मिली थी। इसके बाद खाद्य विभाग की टीम ने क्षेत्र के थोक और फुटकर गुड़ विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। इस दौरान गुणवत्ता की जांच के लिए गुड़ के पांच नमूने लिए गए, जिन्हें परीक्षण के लिए राज्य खाद्य विश्लेषण प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। जांच रिपोर्ट में नमूने निर्धारित मानकों के अनुरूप नहीं पाए जाने पर संबंधित कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।

व्यापारियों को दिए खाद्य सुरक्षा के निर्देश

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी असलम खान ने बताया कि आगामी त्योहारों को देखते हुए बाजार में गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री की बिक्री सुनिश्चित करने के लिए विशेष सतर्कता बरती जा रही है। व्यापारियों को जागरूक करने के साथ अभियान में सहयोग की अपील भी की जा रही है।

उन्होंने खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने, खाद्य पदार्थों में किसी भी प्रकार की मिलावट नहीं करने तथा पैक्ड खाद्य सामग्री पर निर्माण तिथि, समाप्ति तिथि और बैच नंबर स्पष्ट रूप से अंकित रखने के निर्देश दिए। इसके अलावा दुकानों में रेट लिस्ट प्रदर्शित करने, खरीद-बिक्री के बिल और कैश मेमो अनिवार्य रूप से रखने तथा ग्राहकों को बिल देने को कहा गया।

विभाग ने सभी खाद्य प्रतिष्ठानों पर एफएसएसएआई लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रदर्शित करने के निर्देश भी दिए। खराब और कालातीत खाद्य सामग्री की बिक्री एवं भंडारण पर रोक लगाने को कहा गया।

खाद्य विभाग ने स्पष्ट किया कि खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता से समझौता बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। निरीक्षण अभियान के दौरान वरिष्ठ खाद्य संरक्षा अधिकारी असलम खान सहित पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें