फर्जी शस्त्र लाइसेंस गिरोह पर STF का बड़ा वार, रुद्रपुर से दो गिरफ्तार

रुद्रपुर/काशीपुर। उत्तराखंड में फर्जी शस्त्र लाइसेंस और अवैध हथियारों के खिलाफ स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) का अभियान लगातार तेज होता जा रहा है। मुख्यमंत्री के निर्देश और पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत एसटीएफ ने एक और बड़ी कार्रवाई करते हुए रुद्रपुर क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से तीन अवैध हथियार, आठ जिंदा कारतूस और दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस बरामद किए गए हैं।

एसटीएफ की जांच पहले से काशीपुर कोतवाली में दर्ज एक मुकदमे से जुड़ी हुई है। इसी मामले में 10 जून की रात काशीपुर क्षेत्र से एक स्विफ्ट कार में चार अवैध हथियार और 237 कारतूस बरामद किए गए थे। जांच के दौरान इस प्रकरण में नामजद फरार आरोपी सौरभ अग्रवाल की तलाश की जा रही थी।

गुरुवार देर रात एसटीएफ की टीम ने रुद्रपुर रोडवेज क्षेत्र में छापेमारी कर काशीपुर निवासी सौरभ अग्रवाल और उसके चालक अमित पाल को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से एक 12 बोर पम्प एक्शन बंदूक, एक ऑटोमैटिक पिस्टल .30 बोर, एक ऑटोमैटिक पिस्टल .32 बोर, आठ जिंदा कारतूस, दो फर्जी शस्त्र लाइसेंस तथा एक कार की चाबी बरामद हुई।

पूछताछ में सामने आया कि 10 जून को काशीपुर से बरामद स्विफ्ट कार को चालक अमित पाल ने साक्ष्य छिपाने की नीयत से पार्किंग में खड़ा कर दिया था। एसटीएफ को कार की चाबी भी आरोपियों के कब्जे से मिली है। प्रारंभिक पूछताछ में कई अन्य संदिग्ध व्यक्तियों के नाम भी सामने आए हैं, जिनके संबंध में जांच और कार्रवाई जारी है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ ने बताया कि राज्य में बाहरी राज्यों से स्थानांतरित होकर आए हजारों शस्त्र लाइसेंसों का सत्यापन किया जा रहा है। अब तक एसटीएफ द्वारा विभिन्न जनपदों में तीन मुकदमे दर्ज कर सात आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। जांच के दौरान 12 अवैध हथियार, 315 कारतूस और कई फर्जी लाइसेंस बरामद किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि फर्जी शस्त्र लाइसेंस राष्ट्रीय सुरक्षा और कानून व्यवस्था के लिए गंभीर खतरा हैं। ऐसे मामलों में उत्तराखंड पुलिस ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के तहत कठोर कार्रवाई कर रही है। एसटीएफ ने आमजन से भी अपील की है कि फर्जी या संदिग्ध शस्त्र लाइसेंसों की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।

एसटीएफ की इस कार्रवाई को राज्य में अवैध हथियारों और फर्जी लाइसेंस नेटवर्क के खिलाफ बड़ी सफलता माना जा रहा है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें