प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता सुनिश्चित करने को पुलिस प्रशासन सक्रिय

हल्द्वानी – उत्तराखंड लोक सेवा आयोग एवं उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा आयोजित होने वाली महत्वपूर्ण प्रतियोगी परीक्षाओं को लेकर नैनीताल पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। परीक्षाओं के निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण संचालन को सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में व्यापक सुरक्षा एवं निगरानी व्यवस्था की जा रही है।

माननीय मुख्यमंत्री के नकल विरोधी कानून को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने परीक्षा केंद्रों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में 29 मई को पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल की अध्यक्षता में कोतवाली हल्द्वानी सभागार में बैठक आयोजित की गई, जिसमें हल्द्वानी सर्किल के थाना प्रभारियों एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में बताया गया कि उत्तराखंड लोक सेवा आयोग द्वारा 30 मई को हिन्दी विषय तथा 31 मई को इतिहास विषय की प्रवक्ता संवर्ग समूह-‘ग’ लिखित परीक्षा आयोजित की जाएगी। वहीं उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग द्वारा 31 मई को वाहन चालक एवं प्रवर्तन चालक पदों की लिखित प्रतियोगी परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।

परीक्षाओं को सकुशल संपन्न कराने के लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, अभ्यर्थियों की मेटल डिटेक्टर से जांच, प्रतिबंधित इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर रोक तथा परीक्षा केंद्रों के आसपास विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके अलावा सोशल मीडिया मॉनिटरिंग, साइबर निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर और नकल माफियाओं के खिलाफ सतर्कता बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि परीक्षा केंद्रों के आसपास स्थित साइबर कैफे, फोटोकॉपी केंद्र, प्रिंटिंग प्रतिष्ठानों एवं अन्य संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। साथ ही यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए पर्याप्त ट्रैफिक पुलिस बल की तैनाती भी सुनिश्चित की जाए।

बैठक में पुलिस अधिकारियों ने परीक्षा से जुड़े सभी व्यवस्थागत पहलुओं की समीक्षा करते हुए समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने पर बल दिया। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि प्रतियोगी परीक्षाओं की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में सीओ हल्द्वानी अमित कुमार, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, विभिन्न थाना प्रभारियों, एसओजी, साइबर टीम और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीम के अधिकारी मौजूद रहे।

नैनीताल पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि जनपद में आयोजित होने वाली दोनों प्रतियोगी परीक्षाओं को सुरक्षित, निष्पक्ष और व्यवस्थित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें