एसएसपी मंजुनाथ टीसी की पहल पर नैनीताल पुलिस को मिले अत्याधुनिक ड्रोन

नैनीताल – जनपद में पर्यटन सीजन, कैंची धाम मेले और आगामी त्योहारों के दौरान यातायात व्यवस्था एवं कानून व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए नैनीताल पुलिस अब आधुनिक तकनीक का सहारा लेगी। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी की पहल पर उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय द्वारा जनपद को अत्याधुनिक एडवांस्ड ड्रोन उपलब्ध कराए गए हैं।

एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने पर्यटन सीजन के दौरान बढ़ते ट्रैफिक दबाव, भीड़भाड़ और संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी को अधिक प्रभावी बनाने के लिए पुलिस मुख्यालय से एडवांस्ड ड्रोन की मांग की थी। इस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस मुख्यालय ने नैनीताल पुलिस को हाईटेक ड्रोन उपलब्ध करा दिए।

मंगलवार को पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल द्वारा इन ड्रोन का विधिवत परीक्षण किया गया, जो सफल रहा। परीक्षण के दौरान पुलिस दूरसंचार की तकनीकी टीम भी मौजूद रही।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार ये ड्रोन नियंत्रण केंद्र से लगभग दो किलोमीटर तक हवाई निगरानी करने में सक्षम हैं और लगातार 40 मिनट तक उड़ान भर सकते हैं। इनकी मदद से दुर्गम और अत्यधिक भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में रियल टाइम निगरानी संभव हो सकेगी।

ड्रोन का उपयोग विशेष रूप से पर्यटन सीजन में लगने वाले ट्रैफिक जाम की निगरानी, कैंची धाम मेले, धार्मिक आयोजनों, जुलूसों तथा कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए किया जाएगा। पुलिस को ड्रोन से मिलने वाले लाइव इनपुट्स के आधार पर जरूरत पड़ने पर तत्काल पुलिस बल मौके पर भेजा जाएगा।

एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि आधुनिक तकनीक के उपयोग से स्थानीय नागरिकों और पर्यटकों को सुरक्षित, सुगम और जाममुक्त वातावरण उपलब्ध कराने की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। ड्रोन परीक्षण के दौरान निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित पुलिस दूरसंचार की तकनीकी टीम उपस्थित रही।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें