नैनीताल – आगामी बकरीद (ईद-उल-अजहा) पर्व और पर्यटन सीजन को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर व्यापक तैयारियां शुरू कर दी हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टीसी ने सभी नागरिकों को बकरीद की शुभकामनाएं देते हुए भाईचारे, सौहार्द और शांति के साथ पर्व मनाने की अपील की है।
एसएसपी नैनीताल ने कहा कि वर्तमान समय में चारधाम यात्रा, आदि कैलाश यात्रा, मानसखंड यात्रा और पर्यटन सीजन अपने चरम पर हैं। ऐसे में यात्रियों, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस और प्रशासन की प्राथमिकता है। त्योहारों और पर्यटन गतिविधियों को शांतिपूर्वक संपन्न कराने के लिए जनपदभर में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है।
उन्होंने बताया कि पुलिस, प्रशासन, सीएलजी और शांति समिति के साथ लगातार बैठकें आयोजित कर संवेदनशील क्षेत्रों की समीक्षा की जा रही है। कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाले किसी भी व्यक्ति के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी नैनीताल ने स्पष्ट किया कि नमाज केवल निर्धारित एवं अधिकृत स्थलों जैसे मस्जिद और ईदगाह परिसर में ही अदा की जाएगी। किसी भी सार्वजनिक स्थल, सड़क, पार्क या मैदान में नमाज की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन कर शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
कुर्बानी को लेकर भी पुलिस प्रशासन ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कुर्बानी केवल निर्धारित और बंद स्थानों पर ही की जाएगी। सार्वजनिक स्थलों पर कुर्बानी की अनुमति नहीं होगी। साथ ही कुर्बानी से संबंधित फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर प्रसारित करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
एसएसपी नैनीताल ने कहा कि कुछ असामाजिक तत्व सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों से भ्रामक सूचनाएं फैलाने का प्रयास कर सकते हैं। ऐसे लोगों पर पुलिस की लगातार नजर बनी हुई है। साम्प्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने या अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने साफ-सफाई और अवशेष निस्तारण को लेकर भी दिशा-निर्देश जारी किए हैं। कुर्बानी के बाद अवशेषों का नियमानुसार निस्तारण करना संबंधित लोगों की जिम्मेदारी होगी।
नैनीताल पुलिस ने आमजन से अपील की है कि वे शांति, सद्भाव और कानून व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अफवाह की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।










