पर्यटकों के बढ़ते दबाव के बीच नैनीताल पुलिस ने जारी की एडवाइजरी

नैनीताल – जनपद नैनीताल में आगामी ईद पर्व और पर्यटन सीजन के मद्देनजर पुलिस प्रशासन ने विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। वर्तमान समय में नैनीताल, कैंची धाम और आसपास के पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटकों के पहुंचने से यातायात दबाव लगातार बढ़ रहा है। इसे देखते हुए सड़क सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है।

एसपी अपराध एवं यातायात नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के निर्देशन में लागू की गई इस व्यवस्था के तहत आगामी दो से तीन दिनों तक बाहरी क्षेत्रों से आने वाले दुपहिया वाहन चालकों को कालाढूंगी और काठगोदाम से शटल व्यवस्था के माध्यम से ही आगे भेजा जाएगा।

पुलिस प्रशासन के अनुसार हर वर्ष ईद पर्व के बाद बड़ी संख्या में दुपहिया वाहन चालक नैनीताल और कैंची धाम क्षेत्र की ओर पहुंचते हैं, जिससे यातायात दबाव बढ़ने के साथ सड़क दुर्घटनाओं की आशंका भी बढ़ जाती है। वर्तमान में भी नैनीताल क्षेत्र में भारी ट्रैफिक और जाम की स्थिति बनी हुई है।

इसी को ध्यान में रखते हुए आमजन और पर्यटकों से अपील की गई है कि वे यथासंभव चारपहिया वाहनों अथवा सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें, ताकि यात्रा सुरक्षित और सुगम बनी रहे।

इसके अतिरिक्त नैनीताल और कैंची क्षेत्र में टैक्सी बाइकों के संचालन पर पूर्ण प्रतिबंध लगाया गया है। पुलिस प्रशासन ने सभी पर्यटकों और स्थानीय लोगों से ट्रैफिक एडवाइजरी और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

पुलिस ने कहा है कि यात्रा से पहले सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर जारी दिशा-निर्देशों का अध्ययन कर यात्रा की योजना बनाएं, ताकि अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।

पुलिस प्रशासन ने लोगों से सुरक्षित यात्रा करने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें