डोला मार्गों की मरम्मत से लेकर अतिरिक्त बसों तक, नंदा देवी मेले की तैयारियां तेज

नैनीताल – नैनीताल में आगामी 16 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले 124वें नंदा देवी मेला महोत्सव को भव्य, दिव्य और पारंपरिक स्वरूप में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बुधवार को जिला कार्यालय सभागार में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मेले की व्यवस्थाओं और तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बैठक में विधायक सरिता आर्या, श्री राम सेवा समिति, मंदिर समिति, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। जिलाधिकारी ने कहा कि नंदा देवी मेला जनपद की आस्था, संस्कृति और पहचान का प्रतीक है। मेले में उत्तराखंड की लोक संस्कृति और पारंपरिक विरासत की स्पष्ट झलक दिखाई देनी चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों में स्थानीय लोक कलाकारों को प्राथमिकता दी जाए।

उन्होंने कहा कि मेले के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। मुख्य विकास अधिकारी की देखरेख में स्टॉलों का आवंटन किया जाएगा, जिसमें हाउस ऑफ हिमालया, महिला स्वयं सहायता समूहों तथा स्थानीय उद्यमियों के उत्पादों के लिए विशेष स्टॉल लगाए जाएंगे।

जिलाधिकारी ने मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि पूरे नगर को आकर्षक विद्युत सज्जा से रोशन किया जाएगा। ठंडी सड़क सहित प्रमुख स्थलों पर विशेष प्रकाश व्यवस्था और जहां आवश्यकता हो वहां नई स्ट्रीट लाइटें लगाने के निर्देश नगर पालिका को दिए गए।

बैठक में पंडाल, टेंट, मंच और स्टॉल निर्माण सहित सभी व्यवस्थाओं के लिए समयबद्ध एवं पारदर्शी टेंडर प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही श्री रामसभा स्थल, मंदिर परिसर और मेला क्षेत्र की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने के लिए उपजिलाधिकारी, नगर पालिका और श्री राम सेवा समिति को समन्वय के साथ कार्य करने को कहा गया।

डोला यात्रा जिन मार्गों से होकर गुजरेगी, उनकी मरम्मत के लिए लोक निर्माण विभाग, नगर पालिका और सिंचाई विभाग को संयुक्त निरीक्षण कर आवश्यक कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा लोअर मॉल रोड को मेले से पहले सुचारु करने तथा डीएसए मैदान में जलभराव की समस्या दूर कर आवश्यक स्थानों पर कंक्रीट बिछाने के निर्देश भी संबंधित विभागों को दिए गए।

मेले के दौरान सफाई व्यवस्था सुदृढ़ रखने, मोबाइल शौचालय उपलब्ध कराने, पेयजल आपूर्ति निर्बाध रखने, टैंकर और स्टैंड पोस्ट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग मेले में स्वास्थ्य शिविर लगाएगा, जहां आयुष्मान कार्ड भी बनाए जाएंगे।

विद्युत विभाग को झूलते तारों को दुरुस्त करने तथा वन विभाग को मार्गों में बाधा बन रहे पेड़ों की लॉपिंग कराने के निर्देश दिए गए। वहीं पुलिस विभाग को सीसीटीवी निगरानी, अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक तैयारियां करने को कहा गया। परिवहन विभाग को अतिरिक्त रोडवेज बसों और पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि मुख्य मेले के दिन नैनीताल नगर की सभी ठेका मदिरा की दुकानें बंद रहेंगी। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के सफल आयोजन के लिए सूचना, संस्कृति एवं पर्यटन विभाग को भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पाण्डे, पुलिस अधीक्षक (यातायात) जगदीश चंद्र, अपर जिलाधिकारी शौरभ असवाल, उपजिलाधिकारी नवाजिश खालिक, पुलिस उपाधीक्षक रविकांत सेमवाल, सांसद प्रतिनिधि गोपाल रावत, श्री राम सेवा समिति के अध्यक्ष मनोज शाह, सचिव जगदीप बवाड़ी, होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय बिष्ट, व्यापार संघ अध्यक्ष मारुति नंदन शाह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें