गढ़वाली कॉलोनी में सनसनीखेज लूट, सीसीटीवी बंद कर बदमाशों ने की वारदात

देहरादून – रायपुर थाना क्षेत्र की गढ़वाली कॉलोनी में रविवार को दिनदहाड़े दो बदमाशों ने नगर निगम कर्मचारी बनकर एक बुजुर्ग महिला के घर में प्रवेश किया और उन्हें बंधक बनाकर सोने के आभूषण एवं नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई तहरीर में गढ़वाली कॉलोनी, गली नंबर-3 निवासी गीता काला ने बताया कि उनकी माता भुवनेश्वरी देवी घर में अकेली रहती हैं। रविवार दोपहर करीब 2 से 2:30 बजे के बीच दो युवक उनके घर पहुंचे और स्वयं को नगर निगम का कर्मचारी बताते हुए आधार कार्ड दिखाने के बहाने दरवाजा खुलवाया।

तहरीर के अनुसार, घर में प्रवेश करते ही आरोपियों ने सबसे पहले घर में लगे सीसीटीवी कैमरे बंद कर दिए और महिला का मोबाइल फोन छीन लिया। इसके बाद उन्होंने नकदी की मांग की। विरोध करने पर दोनों ने बुजुर्ग महिला के हाथ और मुंह बांध दिए तथा उनके साथ मारपीट की, जिससे उनके हाथ और पैरों में चोटें आईं।

आरोप है कि बदमाश महिला के कानों से सोने के कुंडल, एक सोने की अंगूठी तथा घर में रखे करीब तीन हजार रुपये नकद लूटकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने पर परिजनों ने रायपुर थाने पहुंचकर तहरीर दी और आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।

पुलिस ने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। मामले की जांच जारी है।

दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति को, चाहे वह किसी सरकारी विभाग का कर्मचारी होने का दावा करे, उसकी पहचान सत्यापित किए बिना घर के भीतर प्रवेश न करने दें।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें