हल्द्वानी – जनपद नैनीताल को नशामुक्त बनाने के अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस ने नशा तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को 9.98 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देश पर जनपदभर में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, अपर पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी अमित कुमार के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कोतवाली हल्द्वानी विजय सिंह मेहता के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस टीम ने कालाढूंगी रोड स्थित जनता बैंड एवं ढोल दुकान के सामने चेकिंग के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर उसकी तलाशी ली। तलाशी में उसके कब्जे से 9.98 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान परवेज अहमद (40 वर्ष) पुत्र जमील अहमद, निवासी नई बस्ती, निकट गोपाल मंदिर, वार्ड संख्या-20, थाना बनभूलपुरा, जनपद नैनीताल के रूप में हुई। आरोपी के खिलाफ कोतवाली हल्द्वानी में एफआईआर संख्या 234/2026 के तहत धारा 8/21/60 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में उपनिरीक्षक संजीत राठौर (प्रभारी चौकी हीरानगर), हेड कांस्टेबल मनोज कुमार तथा कांस्टेबल गिरीश चन्द्र शामिल रहे।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि जनपद में नशे के कारोबार में संलिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और नशा तस्करों के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा।











