रामनगर – अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए जंगलों में संचालित कच्ची शराब की भट्ठियों को ध्वस्त कर दिया।
जिला आबकारी अधिकारी मीनाक्षी टम्टा ने बताया कि जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को रामनगर क्षेत्र में कार्रवाई की गई। थारी क्षेत्र के जंगलों में अवैध शराब निर्माण की सूचना मिलने पर आबकारी टीम ने मौके पर दबिश दी।
दबिश के दौरान टीम ने जंगल में चल रही कच्ची शराब की भट्ठियों को तोड़ दिया। मौके से लगभग 1500 किलोग्राम लाहन और एक रबर ट्यूब में भरी करीब 32 लीटर कच्ची शराब बरामद की गई।
अधिकारियों ने बताया कि अवैध शराब के इस कारोबार के खिलाफ आगे भी लगातार अभियान चलाया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान में आबकारी निरीक्षक उमेद पाल, अल्का, हेमंत गोस्वामी सहित अन्य कर्मी शामिल रहे।










