जुआ-सट्टा और नशा तस्करों पर शिकंजे की तैयारी, SSP ने थाना प्रभारियों को चेताया

हल्द्वानी – धनतेरस, दीपावली, भैया दूज और आगामी विधानसभा सत्र के मद्देनजर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की तैयारी तेज कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजुनाथ टीसी ने मंगलवार को कोतवाली हल्द्वानी के मीटिंग हॉल में अपराध समीक्षा बैठक कर जिले के सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना-चौकी प्रभारियों और शाखा प्रभारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही, अनुशासनहीनता और कर्तव्यों के निर्वहन में कोताही किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

बैठक में एसपी क्राइम डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी संचार रेवाधर मठपाल सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। एसएसपी ने त्योहारों के दौरान बाजारों, पटाखा बाजारों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, नियमित गश्त और पिकेट ड्यूटी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विधानसभा सत्र के मद्देनजर सघन चेकिंग और सत्यापन अभियान चलाने के साथ होटल-रेस्टोरेंट की नियमित जांच तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने को कहा गया।

जुआ-सट्टा और नशा तस्करी पर होगी सख्ती

एसएसपी ने जुआ-सट्टे के अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ दबिश देकर सख्त वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने मादक पदार्थों और अवैध शराब की तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ नशा तस्करों की अवैध संपत्तियों की जांच करने और नियमानुसार गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई करने को कहा।

अपराध नियंत्रण के लिए आदतन अपराधियों और अराजक तत्वों को चिह्नित कर समय रहते निरोधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। एसएसपी ने कहा कि संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी रखी जाए और किसी भी आपराधिक घटना की सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

विधानसभा सत्र के दौरान सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष जोर

बैठक में विधानसभा सत्र के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने के लिए चेकिंग और सत्यापन अभियान नियमित रूप से चलाने को कहा गया। एसएसपी ने अधिकारियों को संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए।

त्योहारों के दौरान अग्नि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया। पटाखा बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में फायर सर्विस को अलर्ट रखने, अग्निशमन वाहनों और जरूरी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

यातायात नियम तोड़ने वालों पर होगी कार्रवाई

त्योहारी सीजन में सुचारु यातायात व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस अधिकारियों को विशेष अभियान चलाने को कहा गया। ओवरलोडिंग, नशे में वाहन चलाने और तेज या लापरवाही से वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा हल्द्वानी की ठंडी सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े कर यातायात बाधित करने वालों के खिलाफ अभियान चलाने को कहा गया। इसके लिए निरीक्षक यातायात, सीपीयू प्रभारी और प्रभारी निरीक्षक हल्द्वानी को संयुक्त रूप से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

लंबित विवेचनाओं में लापरवाही पर जताई नाराजगी

अपराध समीक्षा बैठक में लंबित मुकदमों और विवेचनाओं की प्रगति की भी समीक्षा की गई। एसएसपी ने अधिकारियों को गुणवत्तापूर्ण विवेचना, प्रभावी साक्ष्य संकलन और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। थानों में लंबित माल मुकदमाती वाहनों और अन्य माल का नियमानुसार शीघ्र निस्तारण करने को भी कहा गया।

उन्होंने थाना-चौकी प्रभारियों को गश्त, चेकिंग, सत्यापन और अपराध नियंत्रण में लापरवाही न बरतने की हिदायत दी। एसएसपी ने कहा कि सभी अधिकारी अपनी कार्यप्रणाली में सुधार लाएं और उच्चाधिकारियों के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें।

महिला, बाल और साइबर अपराधों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश

एसएसपी ने महिलाओं और नाबालिगों के विरुद्ध अपराधों में त्वरित कार्रवाई करने तथा पीड़ितों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने को कहा। साइबर अपराधों के मामलों में शिकायतों पर तत्काल संज्ञान लेने, साइबर सेल से समन्वय स्थापित करने और ठगी की धनराशि वापस दिलाने के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में पुलिसकर्मियों की व्यक्तिगत और विभागीय समस्याएं भी सुनी गईं। संबंधित अधिकारियों को उनका समयबद्ध समाधान करने को कहा गया। अभियोजन अधिकारी ने विवेचना और अभियोजन से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं पर मार्गदर्शन दिया। वहीं, चुनाव सेल को पुलिसकर्मियों के मतदाता पहचान पत्रों की स्थिति की समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

उत्कृष्ट कार्य करने वाले 36 पुलिसकर्मी सम्मानित

बैठक के दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित भी किया गया। गृह मंत्रालय, भारत सरकार की ओर से अग्निशमन सेवा सप्ताह 2022 के अवसर पर विशिष्ट कार्य के लिए नैनीताल अग्निशमन एवं आपात सेवा के फायरमैन सुखदेव सिंह को डीजी-एफएस डिस्क ब्रॉन्ज और प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पुलिस मुख्यालय उत्तराखंड की ओर से लीडिंग फायरमैन राजकुंवर सिंह और कांस्टेबल चंदन मर्तोलिया को महानिदेशक प्रशस्ति डिस्क सिल्वर से सम्मानित किया गया।

इसके अतिरिक्त 33 पुलिसकर्मियों को ‘बेस्ट एम्प्लॉयी ऑफ द मंथ’ के तहत पुरस्कृत किया गया। इनमें उपनिरीक्षक मनोज कुमार, दीपक जलाल, जय प्रकाश, कविता संकलानी, शिवेन्द्र, दीपा सामंत, मोहम्मद फरीद, राधेश्याम, गौरव दानू, शेखर चंद, नारायण बिष्ट, मोनिका राणा, ममता कंबोज, राजेंद्र बिष्ट, भूपेंद्र पाल, दिनेश राणा, तेजपाल सिंह सैनी, अनूप तिवारी, ललित मोहन रिखाड़ी, गोकुल धपोला, नीरज बालियान, लक्की तिवारी, ललित आगरी, मनोज पंत, चेतना, वीरेंद्र कुमार, राजेंद्र सिंह, दीपक चंद, दीपक भट्ट, अनिता फुलेरिया, धीरज कुमार और गोविन्द शामिल रहे।

बैठक में संयुक्त निदेशक विधि हीरा सिंह राणा, सीओ रामनगर रविकांत सेमवाल, सीओ लालकुआं विमल प्रसाद, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गौरव किरार, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, निरीक्षक अभिसूचना ज्ञानेंद्र शर्मा, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित जिले के सभी थाना-शाखा प्रभारी, यातायात एवं सीपीयू प्रभारी और पीएसी के कंपनी कमांडर मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें