किच्छा – ग्राम मलसा गिरधरपुर स्थित जिंदल पैकेजिंग कंपनी में रविवार देर रात भीषण आग लगने से लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, अग्निकांड में करीब 30 से 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। आग की चपेट में आकर कंपनी की मशीनें, तैयार माल और कच्चा माल पूरी तरह जल गए। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी प्रकार की जनहानि की सूचना नहीं है।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब सवा नौ बजे कंपनी में अचानक आग लग गई। बताया जा रहा है कि आग लगने की वजह बिजली का शॉर्ट सर्किट हो सकती है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया, जिससे कंपनी परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
घटना की सूचना मिलते ही अग्निशमन विभाग सक्रिय हो गया। फायर स्टेशन प्रभारी चंद्र प्रकाश के निर्देश पर दमकल टीमों को मौके पर रवाना किया गया। आग पर काबू पाने के लिए किच्छा से एक और रुद्रपुर से दो दमकल वाहन घटनास्थल पर पहुंचे। दमकल कर्मियों ने लगातार पानी की पंपिंग कर आग बुझाने का प्रयास किया।
करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल टीमों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। हालांकि, तब तक कंपनी में रखा काफी सामान जल चुका था। कंपनी में प्लास्टिक के घरेलू सामान के साथ विभिन्न उद्योगों के लिए पैकेजिंग पैकेट तैयार किए जाते हैं।
कंपनी अधिकारियों के अनुसार, अग्निकांड में मशीनों, तैयार उत्पादों और कच्चे माल को भारी नुकसान पहुंचा है। नुकसान का प्रारंभिक आकलन 30 से 35 लाख रुपये के बीच किया गया है। आग लगने के वास्तविक कारणों और नुकसान का विस्तृत आकलन होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।










