हल्द्वानी – पर्यटन सीजन और वीकेंड के दौरान काठगोदाम सहित आसपास के क्षेत्रों में लगने वाले जाम से राहत दिलाने के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने निर्माणाधीन काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास के कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। रविवार को बाईपास का स्थलीय निरीक्षण करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि निर्माण कार्य के लिए आवश्यक धनराशि स्वीकृत की जा चुकी है और कार्य में किसी तरह की बाधा नहीं आने दी जाएगी।
मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में तेजी लाने के साथ गुणवत्ता और निर्धारित समयसीमा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने रोड कटिंग के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्य की नियमित निगरानी की जाए।
श्रद्धालुओं और पर्यटकों को मिलेगी राहत
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में बाबा नीम करौली धाम के दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं और नैनीताल, रानीखेत, कौसानी, पिथौरागढ़, अल्मोड़ा तथा बागेश्वर जाने वाले पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी हुई है। पर्यटकों का उत्तराखंड आना खुशी की बात है, लेकिन वाहनों का बढ़ता दबाव यातायात व्यवस्था के लिए चुनौती भी बन रहा है।
उन्होंने कहा कि अमृतपुर बाईपास का निर्माण पूरा होने से पर्यटन सीजन और सप्ताहांत में लगने वाले जाम से स्थानीय नागरिकों, श्रद्धालुओं और पर्यटकों को राहत मिलने की उम्मीद है। इससे आवागमन अधिक सुगम होगा और यात्रा में लगने वाला समय भी कम हो सकेगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में पर्यटन सुविधाओं का विस्तार, बेहतर यातायात प्रबंधन और स्थानीय लोगों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। सड़क जैसी आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पहले चरण के लिए 175.40 लाख, दूसरे चरण के लिए 469.59 लाख स्वीकृत
निरीक्षण के दौरान मंडलायुक्त दीपक रावत ने मुख्यमंत्री को बाईपास निर्माण की प्रगति की जानकारी दी। लोक निर्माण विभाग के अभियंताओं के अनुसार, परियोजना के प्रथम चरण के लिए 175.40 लाख रुपये और द्वितीय चरण के लिए 469.59 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। अधिकारियों ने प्रथम और द्वितीय चरण की भौतिक प्रगति क्रमशः 15 प्रतिशत बताई।
अधिकारियों ने बताया कि काठगोदाम-अमृतपुर बाईपास के अंतर्गत दो किलोमीटर तक सिंगल लेन के लिए पहाड़ कटान का कार्य पूरा कर लिया गया है। बाईपास पर 75 मीटर स्पान वाले स्टील पुल का निर्माण भी प्रगति पर है। इस पुल के लिए 1,177.93 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। अधिकारियों के अनुसार, पुल निर्माण की भौतिक प्रगति 10 प्रतिशत और वित्तीय प्रगति 7 प्रतिशत है।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य की गति बढ़ाते हुए गुणवत्ता, सुरक्षा और समयबद्धता के मानकों का पूरी तरह पालन किया जाए, ताकि बाईपास का लाभ लोगों को जल्द मिल सके।











