अक्षत गोपाल बने हाईस्कूल टॉपर, इंटर में गीतिका और सुशीला संयुक्त रूप से अव्वल

रामनगर – उत्तराखंड विद्यालयी शिक्षा परिषद ने शनिवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा परिणाम घोषित कर दिए। इस वर्ष भी छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए उच्च अंक हासिल किए हैं।

हाईस्कूल परीक्षा में रामनगर स्थित एमपी इंटर कॉलेज के छात्र अक्षत गोपाल ने 500 में से 491 अंक (98.20 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रदेश में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं इंटरमीडिएट परीक्षा में सरस्वती शिशु मंदिर इंटर कॉलेज बागेश्वर की गीतिका पंत और भानजुराम इंटर कॉलेज, ऊधमसिंह नगर की सुशीला मेहंदीरत्ता ने संयुक्त रूप से 500 में से 490 अंक (98 प्रतिशत) प्राप्त कर प्रदेश में टॉप किया।

बोर्ड सभागार में शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत और माध्यमिक शिक्षा निदेशक मुकुल कुमार सती ने संयुक्त रूप से परीक्षा परिणाम जारी किए। माध्यमिक शिक्षा निदेशक ने बताया कि इस वर्ष कुल 2,15,252 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें हाईस्कूल में 1,12,266 और इंटरमीडिएट में 1,02,986 छात्र-छात्राएं शामिल रहे।

परिणामों के अनुसार हाईस्कूल का कुल उत्तीर्ण प्रतिशत 92.10 रहा, जिसमें 88.03 प्रतिशत छात्र और 96.08 प्रतिशत छात्राएं सफल रहीं। वहीं इंटरमीडिएट का कुल परिणाम 85.11 प्रतिशत रहा, जिसमें 81.93 प्रतिशत छात्र और 88.09 प्रतिशत छात्राएं उत्तीर्ण हुईं।

इसके अलावा वर्ष 2025 की सुधार परीक्षा (द्वितीय) के परिणाम भी घोषित किए गए हैं। इस परीक्षा में 847 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण कराया था, जिनमें हाईस्कूल के 382 में से 239 तथा इंटरमीडिएट के 464 में से 279 परीक्षार्थी उत्तीर्ण हुए।

बोर्ड ने सभी परीक्षार्थियों के परिणाम अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए हैं, जहां छात्र अपने रोल नंबर के माध्यम से परिणाम देख सकते हैं। इस वर्ष भी छात्राओं का प्रदर्शन बेहतर रहा, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में उनकी बढ़ती भागीदारी और सफलता का संकेत मिलता है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें