हल्द्वानी – भीषण गर्मी के बीच स्कूलों की वर्तमान समय सारिणी को लेकर अभिभावकों और शिक्षकों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। दोपहर के समय स्कूलों की छुट्टी होने से बच्चों की सेहत पर खतरा मंडरा रहा है, जिसको लेकर अब समय परिवर्तन की मांग तेज हो गई है।
शहर के अधिकांश सरकारी और निजी स्कूल सुबह 7:45 बजे से दोपहर 2:05 बजे तक संचालित हो रहे हैं। ऐसे में बच्चों की छुट्टी ठीक उस समय हो रही है, जब धूप अपने चरम पर होती है। दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक का समय अत्यधिक गर्मी वाला होता है, जिससे छोटे बच्चों को घर लौटते समय परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
अभिभावकों का कहना है कि स्कूलों का समय सुबह जल्दी शुरू कर दोपहर एक बजे से पहले छुट्टी कर दी जानी चाहिए, ताकि बच्चे तेज धूप और लू से बच सकें। अभिभावक संघर्ष समिति के संयोजक मदन मोहन जोशी ने भी स्कूल समय में बदलाव की मांग उठाते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में दोपहर के समय स्कूलों में खेलकूद जैसी गतिविधियां भी बंद होनी चाहिए।
विशेषज्ञों का मानना है कि तेज गर्मी बच्चों के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा बन सकती है। वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. परमजीत सिंह के अनुसार, गर्मी के कारण बच्चों में डिहाइड्रेशन, सिरदर्द और बेहोशी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। ऐसे में बच्चों को धूप से बचाना और पर्याप्त पानी व फल देना आवश्यक है।
वहीं, मुख्य शिक्षाधिकारी जीआर जायसवाल ने कहा कि गर्मी को देखते हुए स्कूलों के समय में बदलाव पर विचार किया जा रहा है। इस संबंध में जिलाधिकारी से चर्चा कर स्कूल खुलने और छुट्टी के समय में एक-एक घंटे का परिवर्तन किया जा सकता है। साथ ही खेलकूद गतिविधियां सुबह के समय आयोजित करने के निर्देश भी दिए जाएंगे। गर्मी के बढ़ते प्रकोप के बीच अब अभिभावकों को उम्मीद है कि जल्द ही बच्चों के हित में कोई ठोस निर्णय लिया जाएगा।










