देहरादून – सेलाकुई थाना क्षेत्र के जमनपुर में जन्मदिन की खुशी के बीच हुई कहासुनी खूनी विवाद में बदल गई। विवाद के दौरान चाकू लगने से 25 वर्षीय युवक की मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार देर रात जमनपुर में घटना की सूचना कंट्रोल रूम के माध्यम से मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल राजपाल को एंबुलेंस की मदद से झाझरा स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
जन्मदिन के दौरान हुआ विवाद
थाना प्रभारी शैंकी कुमार के अनुसार, आरोपी जितेंद्र कुमार की बेटी का जन्मदिन था। इसी दौरान बिल्डिंग के पास रहने वाले राजपाल और जितेंद्र के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। देखते ही देखते विवाद हाथापाई तक पहुंच गया। पुलिस के मुताबिक, दोनों ने शराब पी रखी थी।
आरोप है कि विवाद बढ़ने पर जितेंद्र ने चाकू से राजपाल के सीने पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण राजपाल की हालत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पहले भी हो चुका था विवाद
पुलिस के मुताबिक, राजपाल और जितेंद्र के बीच करीब 10-15 दिन पहले भी खाने-पीने को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद से दोनों के बीच रंजिश चल रही थी। पुलिस इस पुराने विवाद को भी जांच का हिस्सा बनाकर घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।
आरोपी की तलाश में दबिश
घटना के बाद आरोपी जितेंद्र मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। मृतक के शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है। पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने घटना के संबंध में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों को लगाया गया है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।











