हल्द्वानी में ‘स्वच्छता ही सेवा’ अभियान तेज, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर चला विशेष सफाई अभियान

हल्द्वानी – ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ के तहत सोमवार को हल्द्वानी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाया गया। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम और जिला प्रशासन की टीमों ने भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, पर्यटन स्थलों, बाजारों, मोहल्लों, कार्यालयों तथा सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालयों में सफाई अभियान चलाकर लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया।

अभियान के दौरान हल्द्वानी रेलवे स्टेशन, रोडवेज बस एवं टैक्सी स्टैंड, मिनी स्टेडियम एवं खेल परिसर, सार्वजनिक पार्क, मुख्य बाजार, सड़कों और अन्य प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर विशेष सफाई की गई। सफाई कर्मियों ने झाड़ू लगाकर कूड़ा-कचरा एकत्र किया। साथ ही लोगों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फैलाने और अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की गई।

दुकानदारों और स्ट्रीट फूड विक्रेताओं को किया जागरूक

बाजार एवं हाट क्षेत्रों में स्ट्रीट फूड विक्रेताओं, रेहड़ी-ठेली संचालकों और ग्राहकों को स्वच्छता के प्रति जागरूक किया गया। नागरिकों से प्लास्टिक का उपयोग कम करने और कूड़ा निर्धारित डस्टबिन में ही डालने की अपील की गई। लोगों को ‘अपना बैग स्वयं लाएं’ का संदेश भी दिया गया।

दुकानदारों को अपने प्रतिष्ठानों के सामने दो डस्टबिन रखने तथा कूड़े को निर्धारित व्यवस्था के अनुसार निस्तारित करने के निर्देश दिए गए।

गुटखा-पान मसाला के पैकेट और MLP को लेकर जागरूकता

अभियान के दौरान गुटखा-पान मसाला के पैकेट, बहुस्तरीय प्लास्टिक (MLP) और सिगरेट के टुकड़ों को सार्वजनिक स्थानों पर नहीं फेंकने के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया। सार्वजनिक स्थलों, दीवारों और सड़कों पर गंदगी फैलाने से बचने की अपील की गई। लोगों को स्वच्छता को दैनिक जीवन की आदत बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

गीले और सूखे कचरे को अलग रखने की अपील

अभियान के दौरान ठोस अपशिष्ट प्रबंधन (SWM) नियम-2026 के संबंध में भी नागरिकों को जानकारी दी गई। लोगों से गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने, कूड़ा निर्धारित स्थान और समय पर डालने तथा स्वच्छता गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की गई।

नगर निगम अधिकारियों के अनुसार ‘स्वच्छता ही सेवा अभियान-2026’ 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चलाया जा रहा है। अभियान के तहत प्रतिदिन अलग-अलग थीम पर स्वच्छता एवं जनजागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें