युवा बनेंगे पर्यावरण बदलाव के सूत्रधार, YUWA माइक्रो ग्रांट का दूसरा संस्करण शुरू

देहरादून – पर्यावरण संरक्षण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने में युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के उद्देश्य से वेस्ट वॉरियर्स सोसाइटी की युवा पहल YUWA (Youth United for Waste and Climate Action) ने माइक्रो ग्रांट 2.0 के दूसरे संस्करण का शुभारंभ किया है। इस पहल के तहत देहरादून और आसपास के क्षेत्रों के युवा बदलावकर्ताओं को ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और जलवायु कार्रवाई से जुड़ी सामुदायिक परियोजनाओं के लिए कुल ₹1.25 लाख तक की अनुदान राशि उपलब्ध कराई जाएगी।

इस योजना का उद्देश्य युवाओं के रचनात्मक विचारों को धरातल पर उतारना और उन्हें अपने समुदायों की पर्यावरणीय एवं नागरिक समस्याओं के व्यावहारिक समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। चयनित प्रस्तावों को परियोजनाओं के क्रियान्वयन के लिए आर्थिक सहयोग दिया जाएगा, जिससे स्थानीय स्तर पर सकारात्मक बदलाव लाया जा सके।

बिना पंजीकृत संस्था के भी कर सकेंगे आवेदन

YUWA माइक्रो ग्रांट 2.0 की खास बात यह है कि आवेदन के लिए किसी पंजीकृत संस्था या बड़ी टीम का हिस्सा होना अनिवार्य नहीं है। पर्यावरणीय चुनौतियों के समाधान में रुचि रखने वाले युवा व्यक्तिगत रूप से या समूह के रूप में आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए स्पष्ट कार्ययोजना, प्रभावी विचार और उसे जमीन पर उतारने की इच्छाशक्ति जरूरी होगी।

30 नवंबर आवेदन की अंतिम तिथि

आवेदन प्रक्रिया 11 नवंबर 2026 से शुरू हो चुकी है। इच्छुक युवा 30 नवंबर 2026 तक अपने परियोजना प्रस्ताव जमा कर सकते हैं। निर्धारित समय-सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। प्रस्तावों की समीक्षा और चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चयनित आवेदकों को परियोजनाएं शुरू करने के लिए अनुदान राशि प्रदान की जाएगी।

पहले संस्करण में 1,183 लोगों तक पहुंची पहल

YUWA माइक्रो ग्रांट के पहले संस्करण के तहत पांच युवा-नेतृत्व वाली परियोजनाओं को सहयोग दिया गया था। इन परियोजनाओं के माध्यम से 1,183 लोगों को जोड़ा गया, जलवायु कार्रवाई से जुड़ी 96 गतिविधियां संचालित की गईं, 530 किलोग्राम कचरे का उचित प्रबंधन एवं निस्तारण किया गया तथा 110 टिकाऊ उत्पाद वितरित किए गए।

पहले संस्करण से मिली सीख और उपलब्धियों को आगे बढ़ाते हुए दूसरे संस्करण का लक्ष्य युवा नेतृत्व को मजबूत करना, नए और रचनात्मक समाधानों को बढ़ावा देना तथा युवाओं को अपने समुदायों में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाने के लिए सशक्त बनाना है।

यहां करें संपर्क

आवेदन और प्रक्रिया से जुड़ी जानकारी के लिए इच्छुक युवा इंस्टाग्राम पेज @yuwa4himalayas पर संदेश भेज सकते हैं। इसके अलावा मोबाइल नंबर 8868002457 और 9258294022 पर संपर्क किया जा सकता है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें