भाई दूज मनाकर लौट रही मां-बेटी की यात्रा बनी आखिरी सफर, चालक समेत तीन की मौत

अल्मोड़ा – सेराघाट-पिथौरागढ़ मोटर मार्ग पर हरड़ा के पास बुधवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में मां-बेटी समेत तीन लोगों की मौत हो गई। तेज रफ्तार या अन्य किसी कारण का अभी पता नहीं चल पाया है, लेकिन बताया जा रहा है कि बोलेरो मैक्स अनियंत्रित होकर करीब 400 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में वाहन चालक की भी जान चली गई। तीनों मृतक हरड़ा गांव के निवासी थे। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

भाई दूज मनाकर लौट रही थीं मां-बेटी

जानकारी के अनुसार, मां-बेटी भाई दूज का पर्व मनाने के लिए पिथौरागढ़ गई थीं। बुधवार देर रात दोनों बोलेरो मैक्स से अपने गांव हरड़ा लौट रही थीं। इसी दौरान हरड़ा के पास अचानक वाहन अनियंत्रित हो गया और गहरी खाई में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि रात के अंधेरे में इसकी जानकारी किसी को नहीं मिल सकी।

सुबह राहगीरों ने दी पुलिस को सूचना

गुरुवार सुबह राहगीरों ने सड़क से नीचे खाई में दुर्घटनाग्रस्त वाहन देखा, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। सुबह करीब नौ बजे सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। खाई करीब 400 मीटर गहरी होने के कारण शवों को बाहर निकालने में बचाव दल को काफी मशक्कत करनी पड़ी।

परिजनों में मचा कोहराम

हादसे की खबर मिलते ही मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया। एक ही गांव के तीन लोगों की मौत से हरड़ा गांव में मातम पसरा हुआ है। क्षेत्रवासी इस हृदयविदारक घटना से स्तब्ध हैं।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें