किशनपुर छोई हत्याकांड में पुलिस का खुलासा, महिला को वाहन से ले जाकर हत्या करने का आरोप

रामनगर – नैनीताल जिले के रामनगर क्षेत्र के किशनपुर छोई में 56 वर्षीय विमला देवी की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, वारदात को पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते अंजाम दिया गया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस आरोपियों तक पहुंची। गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किए गए डंडे, लोहे का पाना, पत्थर और वारदात में प्रयुक्त वाहन भी बरामद किया गया है।

पुलिस के अनुसार, 10 नवंबर 2026 को डायल 112 के माध्यम से कोतवाली रामनगर को सूचना मिली थी कि ग्राम किशनपुर छोई निवासी त्रिलोक सिंह बिष्ट के घर के बाहर एक महिला का शव पड़ा है। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। मृतका की पहचान विमला देवी पत्नी खिलाप सिंह बिष्ट, उम्र 56 वर्ष, निवासी किशनपुर छोई के रूप में हुई।

घटनास्थल के निरीक्षण में महिला के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फील्ड यूनिट को मौके पर बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। मृतका के पुत्र कुंदन सिंह बिष्ट की तहरीर पर कोतवाली रामनगर में एफआईआर संख्या 356/2026 के तहत बीएनएस की धारा 332(सी), 103(1) और 352 में मुकदमा दर्ज किया गया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर घटना के खुलासे के लिए पुलिस और एसओजी की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। एसपी हल्द्वानी हरबंस सिंह और क्षेत्राधिकारी रामनगर रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार के नेतृत्व में जांच आगे बढ़ाई गई।

जांच के दौरान आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई। पुलिस के मुताबिक, फुटेज में तीन संदिग्ध व्यक्ति महिला के साथ मारपीट कर उसे जबरन ले जाते और बाद में एक वाहन से उसका शव घटनास्थल के पास फेंकते दिखाई दिए। सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मैनुअल पुलिसिंग के आधार पर पुलिस ने तीनों की पहचान की।

पुलिस की जांच में सामने आया कि मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल अपने पिता की पूर्व में हुई हत्या को लेकर रंजिश रखता था। पुलिस के अनुसार, इसी पुरानी रंजिश और बदले की भावना के चलते उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर विमला देवी की हत्या की वारदात को अंजाम दिया।

पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर मुख्य आरोपी मोहित फर्त्याल को गिरफ्तार किया। वहीं, अन्य दो आरोपियों को रामनगर रेलवे मैदान के पास से उस समय पकड़ा गया, जब वे कथित तौर पर रामनगर से फरार होने की फिराक में थे।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहित फर्त्याल पुत्र स्व. गोविंद सिंह, उम्र 32 वर्ष, निवासी किशनपुर छोई; सैरान पुत्र मुरसलीन, उम्र 21 वर्ष, निवासी ब्लॉक रोड, बड़ी मस्जिद के पीछे, खताड़ी तथा मो. अब्बूजर पुत्र मो. विलाल, उम्र 22 वर्ष, निवासी खताड़ी, थाना रामनगर के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त तीन डंडे, एक लोहे का पाना, एक पत्थर, वाहन संख्या UK04 AN6012 और मृतका की पेटीकोट का नाड़ा बरामद किया है।

हत्याकांड के खुलासे में प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, एसओजी प्रभारी उप निरीक्षक मोहन सिंह सोन, उप निरीक्षक दीपक बिष्ट, पंकज जोशी, वीरेन्द्र बिष्ट, देवेंद्र राजपूत, मनोज सिंह अधिकारी, देवेंद्र राणा, सोमेंद्र सिंह और गणेश जोशी सहित पुलिस एवं एसओजी के कुल 26 अधिकारी-कर्मचारी शामिल रहे।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मामले के खुलासे में शामिल पुलिस टीम को ₹2,000 का पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें