बेटे की मौत का सदमा नहीं सह सकी मां: 14 वर्षीय जतिन की हार्ट अटैक से मौत, मां ने सरयू में लगाई छलांग

पिथौरागढ़ – जिले के वड्डा क्षेत्र में शनिवार को एक हृदयविदारक घटना ने हर किसी को झकझोर दिया। 14 वर्षीय छात्र जतिन जोशी की अचानक मौत के बाद उसकी मां पूनम जोशी सदमे में आ गईं। बेटे की मौत के कुछ ही समय बाद उन्होंने सरयू नदी में छलांग लगा दी। एसडीआरएफ और पुलिस की खोजबीन के बाद उनका शव बरामद किया गया।

जानकारी के अनुसार, वड्डा क्षेत्र के मड़ेगांव निवासी कक्षा नौ का छात्र जतिन जोशी सेना में भर्ती होने का सपना देख रहा था। इसी तैयारी के तहत वह रोजाना झौलाखेत मैदान में दौड़ने जाता था। शनिवार सुबह भी वह दौड़ने के लिए मैदान पहुंचा था। बताया गया कि वापस लौटते समय रास्ते में अचानक उसके सीने में तेज दर्द हुआ और वह बेहोश होकर गिर पड़ा।

आसपास के लोगों की सूचना पर उसकी मां पूनम जोशी मौके पर पहुंचीं और बेटे को जिला अस्पताल ले गईं। अस्पताल में चिकित्सकों ने जतिन को मृत घोषित कर दिया। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक उसकी मौत हार्ट अटैक से होने की बात सामने आई है।

बेटे की मौत की खबर से पूनम पूरी तरह टूट गईं। बताया गया कि बेटे के शव को अस्पताल में छोड़कर वह पिथौरागढ़ टैक्सी स्टैंड पहुंचीं और गंगोलीहाट जाने के लिए एक टैक्सी में बैठ गईं। घाट के पास पहुंचने पर उन्होंने चालक से कुछ सामान खरीदने की बात कहकर वाहन रुकवाया। इसके बाद वह वाहन से उतरीं और सरयू नदी में छलांग लगा दी।

पास में स्थित एक होटल के संचालक ने पूनम को नदी में छलांग लगाते देखा। उन्होंने उन्हें बचाने के लिए नदी में छलांग लगाई और काफी प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। सूचना मिलने पर पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और नदी में खोजबीन शुरू की।

करीब एक घंटे की तलाश के बाद पूनम का शव नदी किनारे बोल्डरों के बीच पानी में मिला। पुलिस और एसडीआरएफ ने शव को बाहर निकाला। मां-बेटे की कुछ ही समय के अंतराल में हुई मौत की खबर से मड़ेगांव और आसपास के क्षेत्र में शोक की लहर है। घटना ने पूरे क्षेत्र को स्तब्ध कर दिया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें