नंदा देवी महोत्सव में सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद, सीसीटीवी और ड्रोन से होगी निगरानी

नैनीताल – ऐतिहासिक मां नंदा देवी महोत्सव को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर तैयारियां तेज कर दी हैं। 18 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले महोत्सव में तैनात पुलिस बल को एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र ने मल्लीताल स्थित गोवर्धन हॉल में ब्रीफ किया और ड्यूटी के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ब्रीफिंग में पुलिसकर्मियों को मेला क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था के साथ श्रद्धालुओं और पर्यटकों के साथ शालीन व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए गए। एसपी ने कहा कि मेला क्षेत्र में पुलिस की मौजूदगी स्पष्ट नजर आनी चाहिए और सभी अधिकारी-कर्मचारी बेहतर टर्नआउट के साथ ड्यूटी करें।

भीड़ नियंत्रण पर विशेष फोकस

नंदा देवी महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने को देखते हुए भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए। मंदिर परिसर में तैनात पुलिसकर्मियों को मंदिर समिति के साथ समन्वय बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखने को कहा गया।

ट्रैफिक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों और मोबाइल टीमों को अलर्ट मोड में रहने तथा सूचना मिलते ही त्वरित प्रतिक्रिया देने के निर्देश दिए गए। पुलिस को मेला क्षेत्र में लगातार गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर नजर रखने को कहा गया।

सीसीटीवी, ड्रोन और बम निरोधक दस्ते की निगरानी

मेला कंट्रोल रूम को पूरी तरह सक्रिय रखने के साथ सीसीटीवी कैमरों के जरिए लगातार निगरानी के निर्देश दिए गए। डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता (BDS), अग्निशमन, ड्रोन और संचार टीमों को भी सक्रिय रखने को कहा गया।

अराजक और आपराधिक तत्वों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की तैनाती तथा लगातार चेकिंग और फ्रिस्किंग के निर्देश दिए गए। अभिसूचना तंत्र को भी सक्रिय रखते हुए संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तत्काल साझा करने को कहा गया।

शोभायात्रा के दौरान तैयार रहेगा डायवर्जन प्लान

मेला शोभायात्रा और कदली वृक्ष के नगर भ्रमण के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारु रखने के लिए प्रभावी डायवर्जन प्लान तैयार करने के निर्देश यातायात निरीक्षक को दिए गए। मल्लीताल और तल्लीताल कोतवाली के प्रभारियों समेत संबंधित इकाइयों को आपसी समन्वय के साथ पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने को कहा गया।

एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने भी ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को संचार व्यवस्था और मेला ड्यूटी से संबंधित आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

ब्रीफिंग में सीओ नैनीताल अंजना, सीओ भवाली रविकांत सेमवाल, प्रभारी निरीक्षक मल्लीताल राजेंद्र सिंह रावत, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस दूरसंचार राजकुमार बिष्ट, निरीक्षक सुनील सिंह बिष्ट, अग्निशमन अधिकारी नैनीताल देवेंद्र सिंह नेगी, वरिष्ठ उपनिरीक्षक मल्लीताल दिनेश चंद्र जोशी, प्रभारी सम्मन सेल मनोज नयाल समेत अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें