फ्लैग मार्च से दिया सुरक्षा का संदेश, नंदा देवी महोत्सव को लेकर पुलिस मुस्तैद

नैनीताल – ऐतिहासिक मां नंदा देवी महोत्सव के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए नैनीताल पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। 18 से 23 सितंबर तक आयोजित होने वाले महोत्सव को लेकर शुक्रवार को एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र और एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

एसपी नैनीताल के नेतृत्व में पुलिस बल ने मेला क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकाला। फ्लैग मार्च के दौरान पुलिसकर्मियों ने मेला परिसर के साथ रिक्शा स्टैंड मल्लीताल, फ्लैट्स मैदान, भोटिया मार्केट, मस्जिद तिराहा और घोड़ा स्टैंड समेत प्रमुख एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान कानून-व्यवस्था, सुरक्षा और यातायात प्रबंधन से जुड़े इंतजामों को परखा गया।

कंट्रोल रूम और सीसीटीवी व्यवस्था भी परखी

एसपी संचार रेवाधर मठपाल ने मेला कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। उन्होंने सीसीटीवी ग्रिड, खोया-पाया केंद्र और संचार व्यवस्था की स्थिति देखी। संबंधित पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को लगातार निगरानी बनाए रखने तथा किसी भी सूचना पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

असामाजिक तत्वों पर रहेगी पैनी नजर

महोत्सव में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और पर्यटकों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पुलिस बल को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर सुरक्षा व्यवस्था के साथ यातायात प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया है। पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए निगरानी बढ़ाई गई है।

पुलिस प्रशासन ने श्रद्धालुओं और आगंतुकों से अपील की है कि वे पुलिस-प्रशासन द्वारा बनाए गए सुरक्षा इंतजामों का सहयोग करें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें