गोला नदी में फिर हादसा, 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत, प्रशासन ने जारी की चेतावनी

हल्द्वानी – गोला नदी में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोर की डूबने से मौत हो गई। परिजनों के साथ नदी किनारे कपड़े धोने पहुंचे किशोर ने नहाने के लिए नदी में छलांग लगाई, लेकिन गहरे पानी में समा गया। सूचना मिलते ही पुलिस, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोरों ने संयुक्त रेस्क्यू अभियान चलाकर किशोर को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

मृतक की पहचान अहमद (15 वर्ष) पुत्र मोहम्मद रफीक, निवासी महोनिया डलआ, थाना छवियां, जनपद गोंडा (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। बताया गया कि अहमद इन दिनों हल्द्वानी में अपने रिश्तेदारों के साथ रह रहा था। शुक्रवार को वह अपने भाइयों के साथ गोला नदी पर कपड़े धोने गया था। इसी दौरान वह नहाने के लिए नदी में उतरा और अचानक गहरे पानी में डूब गया।

घटना की सूचना डायल-112 के माध्यम से पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही बनभूलपुरा कोतवाली पुलिस, जल पुलिस और स्थानीय गोताखोर मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद किशोर को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए अग्रिम वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

बारिश के मौसम में नदी से दूर रहने की अपील

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि बरसात के दौरान नदियों का जलस्तर और नदी का तल लगातार बदलता रहता है। कई स्थानों पर पानी कम गहरा दिखाई देता है, लेकिन भीतर गहरे गड्ढे और तेज बहाव जानलेवा साबित हो सकते हैं। उन्होंने लोगों से अपील की कि बारिश के मौसम में नदियों में उतरने से बचें और सुरक्षा निर्देशों का पालन करें। प्रशासन की ओर से नदी किनारे चेतावनी बोर्ड भी लगाए जा रहे हैं ताकि ऐसे हादसों को रोका जा सके।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें