हल्द्वानी – मा. उच्च न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में जनपद नैनीताल में 8 अगस्त से 16 अगस्त 2026 तक विशेष सफाई अभियान चलाया जाएगा। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने बताया कि अभियान के तहत शहरी, ग्रामीण एवं वन आच्छादित क्षेत्रों के मुख्य मोटर मार्गों के साथ-साथ अन्य संपर्क मार्गों पर व्यापक स्तर पर सफाई कराई जाएगी। इसके लिए जिला प्रशासन ने तीन स्तरीय टीमों का गठन कर तैयारियां पूरी कर ली हैं।
जिलाधिकारी ने बताया कि अभियान के दौरान हल्द्वानी-रामनगर, हल्द्वानी-नैनीताल, हल्द्वानी-खैरना (भीमताल मार्ग), कालाढूंगी-नैनीताल सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर विशेष सफाई अभियान संचालित किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनपद को स्वच्छ, सुंदर एवं पर्यावरण के अनुकूल बनाना है।
अभियान के प्रभावी संचालन के लिए ग्रामीण, शहरी और वन क्षेत्रों के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में परियोजना निदेशक जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, जिला पंचायतीराज अधिकारी एवं सभी खंड विकास अधिकारी जिम्मेदारी संभालेंगे। शहरी क्षेत्रों में नगर आयुक्त नगर निगम हल्द्वानी, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका नैनीताल, वरिष्ठ स्वास्थ्य अधिकारी तथा सभी नगर पालिकाओं एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी अभियान का संचालन करेंगे। वहीं वन क्षेत्रों में प्रभागीय वनाधिकारी नैनीताल सहित सभी प्रभागीय वनाधिकारी सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगे।
जिलाधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि गठित टीमें 8 से 16 अगस्त के बीच अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित रूप से सफाई अभियान संचालित करेंगी, अभियान की प्रगति का संकलन करेंगी तथा संबंधित सूचनाओं के आधार पर मा. उच्च न्यायालय में शपथ पत्र भी प्रस्तुत किया जाएगा।
उन्होंने अभियान को जनभागीदारी से सफल बनाने पर जोर देते हुए स्थानीय निकायों के महापौर, अध्यक्ष, पार्षद, सभासद, जिला पंचायत अध्यक्ष, ब्लॉक प्रमुख, जिला पंचायत सदस्य, क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधानों सहित विभिन्न सरकारी संस्थानों, सामाजिक संगठनों, महिला एवं युवक मंगल दलों, स्वयं सहायता समूहों, एनसीसी, एनएसएस तथा गैर सरकारी संगठनों की सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। जिला प्रशासन का मानना है कि जनसहभागिता से यह विशेष स्वच्छता अभियान अधिक प्रभावी एवं सफल साबित होगा।










