मसूरी – मसूरी घूमने आए पंजाब के दो पर्यटकों को मोबाइल की दुकान में चोरी का प्रयास करना महंगा पड़ गया। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत सक्रिय मसूरी पुलिस ने मॉल रोड स्थित एक मोबाइल शॉप में सेंध लगाकर चोरी कर रहे दोनों युवकों को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उनके कब्जे से चोरी किए गए नौ मोबाइल फोन, चार्जर, एडाप्टर, डाटा केबल समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद किया है। घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल को भी सीज कर दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर जिलेभर में अपराधियों के खिलाफ सघन चेकिंग और रात्रि गश्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में सोमवार तड़के मसूरी कोतवाली पुलिस की टीम मॉल रोड क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इस दौरान मस्जिद वाली गली स्थित स्टार मोबाइल दुकान के आसपास संदिग्ध गतिविधियां दिखाई देने पर पुलिस ने तत्काल दुकान की घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम के अंदर पहुंचते ही दो युवक दुकान से मोबाइल और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी करते हुए रंगेहाथ पकड़ लिए गए। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के नए, पुराने और मरम्मत के लिए आए कुल नौ मोबाइल फोन, चार्जर, एडाप्टर, डाटा केबल, दुकान का ताला तोड़ने में इस्तेमाल किया गया हथौड़ा तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई।
पैसे खत्म होने पर बनाई चोरी की योजना
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे पंजाब से मसूरी घूमने आए थे, लेकिन दो दिन पहले उनके पास मौजूद पैसे खत्म हो गए। इसके बाद उन्होंने चोरी कर खर्च निकालने की योजना बनाई। उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि मसूरी पुलिस की लगातार रात्रि गश्त और सघन चेकिंग के कारण वे पहले चोरी की वारदात को अंजाम नहीं दे सके थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जगहीर सिंह (38) निवासी गांव जसूवती शेरूड़, जिला संगरूर (पंजाब) तथा तरणप्रीत सिंह (30) निवासी गांव कमालपुर, जिला संगरूर (पंजाब) के रूप में हुई है।
एसएसआई सतेंद्र भाटी ने बताया कि दोनों आरोपियों के खिलाफ कोतवाली मसूरी में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच जारी है और दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है।











