कारगिल के रणबांकुरों को याद कर भावुक हुआ हल्द्वानी, एसएसपी ने पुष्पचक्र अर्पित कर दी श्रद्धांजलि

हल्द्वानी – कारगिल विजय दिवस के अवसर पर शनिवार को भोटियापड़ाव स्थित शहीद स्मारक पर आयोजित श्रद्धांजलि समारोह में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने पुष्पचक्र अर्पित कर कारगिल युद्ध के अमर वीर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान उन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर सैनिकों के अदम्य साहस, शौर्य और सर्वोच्च बलिदान को नमन किया।

एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि कारगिल के वीर सैनिकों का पराक्रम, राष्ट्रभक्ति और त्याग सदैव देशवासियों को प्रेरित करता रहेगा। उन्होंने कहा कि मातृभूमि की रक्षा के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों का बलिदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। राष्ट्र उनके प्रति सदैव ऋणी रहेगा और उनका त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा।

श्रद्धांजलि समारोह में उपस्थित पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने दो मिनट का मौन रखकर कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। साथ ही राष्ट्र की एकता, अखंडता और सुरक्षा के लिए सदैव समर्पित रहने का संकल्प भी दोहराया।

कार्यक्रम का समापन “कारगिल के अमर वीरों को शत-शत नमन” के उद्घोष के साथ हुआ। नैनीताल पुलिस ने इस अवसर पर देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले सभी शहीदों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प दोहराया।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें