पर्यटकों की सुरक्षा से समझौता नहीं, होम स्टे संचालकों पर प्रशासन की कड़ी नजर

नैनीताल – जनपद में होम स्टे संचालन में नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर शनिवार को जिला पर्यटन विकास अधिकारी कीर्ति आर्या और तहसीलदार अक्षय भट्ट ने संयुक्त रूप से विभिन्न होम स्टे इकाइयों का स्थलीय निरीक्षण किया। अभियान के दौरान कुल 11 होम स्टे इकाइयों का भौतिक सत्यापन किया गया, जिसमें कई स्थानों पर नियमों के उल्लंघन सामने आए।

निरीक्षण में अनियमितताएं मिलने पर पांच होम स्टे संचालकों को नोटिस जारी किए गए, जबकि दो इकाइयों पर प्रति इकाई ₹10,000 का अर्थदंड लगाया गया। इसके अलावा गंभीर अनियमितताओं के चलते दो होम स्टे इकाइयों के पंजीकरण निरस्तीकरण की संस्तुति भी की गई है।

जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने स्पष्ट किया कि जनपद में संचालित सभी होम स्टे इकाइयों का नियमित रूप से भौतिक निरीक्षण जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि पर्यटकों की सुरक्षा, सुविधाओं और निर्धारित मानकों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। यदि किसी भी होम स्टे में नियमों का उल्लंघन पाया गया तो संबंधित संचालक के विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने सभी होम स्टे संचालकों से अपील की कि वे शासन की होम स्टे नीति एवं नियमावली का पूर्णतः पालन करें, ताकि पर्यटन व्यवस्था सुचारु बनी रहे और पर्यटकों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें