कालाढूंगी शिविर में महालक्ष्मी किट से लेकर प्रमाण-पत्र तक, एक ही छत के नीचे मिली सुविधाएं

कालाढूंगी – राज्य सरकार के ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ अभियान के तहत शनिवार को अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज मैदान, कालाढूंगी में विशाल जनकल्याणकारी एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के साथ उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान किया गया। शिविर में 190 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 165 शिकायतों का तत्काल निस्तारण कर दिया गया, जबकि लगभग 410 लोगों को विभिन्न योजनाओं का प्रत्यक्ष लाभ मिला।

शिविर का शुभारंभ कालाढूंगी विधायक बंशीधर भगत एवं उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार ने किया। इस अवसर पर विधायक ने मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से एक पात्र लाभार्थी को 25 हजार रुपये की आर्थिक सहायता का चेक भी प्रदान किया।

शिविर में सिंचाई, वन, राजस्व, जल जीवन मिशन, विद्युत, पेयजल, सड़क, भू-कटाव, दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, आय, जाति, स्थायी, जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र सहित विभिन्न विभागों से संबंधित समस्याएं प्रमुखता से उठाई गईं। विधायक एवं उपजिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अधिकांश मामलों का मौके पर ही समाधान करने तथा शेष प्रकरणों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर के दौरान पांच पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट वितरित की गई। विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉलों के माध्यम से सरकारी योजनाओं की जानकारी देने के साथ प्रमाण-पत्र जारी किए, अनुदान संबंधी सामग्री वितरित की तथा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच भी की।

शिविर में वर्षा के दौरान भू-कटाव, सिंचाई, पेयजल, विद्युत और सड़क से जुड़ी समस्याएं सबसे अधिक सामने आईं। धमोला निवासी गट्टू राम कंबोज ने सिंचाई व्यवस्था और गांव में पैदल मार्ग निर्माण की मांग उठाई, जिस पर सिंचाई, नलकूप, वन विभाग एवं विकासखंड अधिकारियों को संयुक्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

चकलुवा-निहाल नाले से हो रहे भू-कटाव को लेकर ग्रामीणों ने सुरक्षात्मक कार्य कराने की मांग की। इस पर सिंचाई विभाग को तीन दिन के भीतर प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए गए। चकलुवा निवासी पुष्कर सिंह की शिकायत पर वन एवं सिंचाई विभाग को संयुक्त रूप से नदी किनारे सुरक्षा कार्य करने को कहा गया।

धमोला निवासी महेश चंद सती द्वारा सार्वजनिक मार्ग की मरम्मत तथा गुलजारपुर बाकी के ग्रामीणों द्वारा गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने की मांग पर संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं नयागांव-बाजपुर मार्ग पर स्पीड ब्रेकर निर्माण, जेजेएम कार्यों से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत, विद्युत पोल बदलने एवं झुके हुए पोलों को सीधा करने के निर्देश भी संबंधित विभागों को मौके पर दिए गए।

दिव्यांग पेंशन, किसान सम्मान निधि, आय, स्थायी, आधार तथा जन्म-मृत्यु प्रमाण-पत्र से संबंधित कई मामलों का शिविर में ही ऑनलाइन निस्तारण किया गया। हिम्मतपुर गेबुआ में भूमि चिन्हांकन के मामले में राजस्व एवं वन विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।

शिविर में स्थानीय लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कालाढूंगी में चिकित्सकों एवं मेडिकल स्टाफ की नियुक्ति की मांग भी रखी। विधायक बंशीधर भगत ने आश्वासन दिया कि इस संबंध में शासन स्तर पर शीघ्र कार्रवाई कराई जाएगी।

इस दौरान उद्योग, कृषि, उद्यान, स्वास्थ्य, समाज कल्याण, महिला सशक्तिकरण, खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति सहित विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर योजनाओं की जानकारी दी गई। सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत दीपक सुयाल एंड पार्टी ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया, जबकि सूचना विभाग ने प्रचार सामग्री का वितरण भी किया।

विधायक बंशीधर भगत ने कहा कि सरकार का उद्देश्य प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक बिना किसी भटकाव के योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसी सोच के साथ प्रशासन गांव-गांव जाकर जनसेवा शिविर आयोजित कर रहा है।

इस अवसर पर दर्जा राज्य मंत्री सुरेश भट्ट, नगर पालिका अध्यक्ष रेखा कत्यूरा, कनिष्ठ उप प्रमुख अपूर्वा बिष्ट, भाजपा मंडल अध्यक्ष कमलेश पांडे, उपजिलाधिकारी सुधीर कुमार, तहसीलदार पूजा शर्मा, खंड विकास अधिकारी श्वेता, अधिशासी अधिकारी अभिनव कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें