गोपेश्वर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने बुधवार को चमोली जनपद के गोपेश्वर स्थित पुलिस मैदान में आयोजित ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ सेवा पखवाड़े के अंतर्गत ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ कार्यक्रम में प्रतिभाग करते हुए कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य जनता को सरकारी कार्यालयों के चक्कर लगवाना नहीं, बल्कि प्रशासन को स्वयं लोगों के द्वार तक पहुंचाकर उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करना है। उन्होंने कहा कि सेवा पखवाड़ा सरकार की जवाबदेही और जनसेवा के संकल्प का प्रतीक है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि सेवा पखवाड़े के तहत चमोली जनपद में अब तक 13 जनसेवा शिविर आयोजित किए जा चुके हैं, जिनमें 752 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें से 683 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि 2,500 से अधिक लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।
155 करोड़ की 63 विकास योजनाओं की सौगात
मुख्यमंत्री धामी ने कार्यक्रम के दौरान जनपद चमोली को 155 करोड़ रुपये से अधिक लागत की 63 विकास योजनाओं की सौगात देते हुए उनके लोकार्पण और शिलान्यास किए। उन्होंने कहा कि बदरीनाथ धाम, माणा, नीति और आसपास के क्षेत्रों में मास्टर प्लान के तहत तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं, जिससे धार्मिक पर्यटन और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।
चमोली में महिलाओं और किसानों को मिला सशक्तिकरण
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनपद में 42 हजार से अधिक महिलाएं स्वयं सहायता समूहों से जुड़ चुकी हैं, जिनमें 25 हजार से अधिक महिलाएं ‘लखपति दीदी’ बन चुकी हैं। वहीं किसान सम्मान निधि योजना के तहत 48 हजार से अधिक किसानों को 196 करोड़ रुपये से अधिक की सहायता उपलब्ध कराई गई है। दीनदयाल होमस्टे योजना के तहत जिले में 872 नए होमस्टे स्थापित किए गए हैं, जिससे स्थानीय युवाओं को रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर मिले हैं।
विकास के नए आयाम गढ़ रहा उत्तराखंड
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है। राज्य में जी-20 बैठकों का सफल आयोजन, राष्ट्रीय खेलों की मेजबानी, शीतकालीन यात्रा की शुरुआत और 3.75 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते राज्य की प्रगति के प्रमाण हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जीएसटी संग्रह, प्रति व्यक्ति आय और निवेश में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है तथा रिवर्स पलायन की सकारात्मक तस्वीर भी सामने आ रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी), नकल विरोधी कानून और धर्मांतरण विरोधी कानून लागू कर सुशासन का मजबूत संदेश दिया है। पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से अब तक 34 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी जा चुकी हैं।
ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना और हेली एम्बुलेंस सेवा पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है, जिससे भविष्य में पर्यटन, व्यापार और रोजगार को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने बताया कि वर्ष 2024 से अब तक हेली एम्बुलेंस सेवा के माध्यम से चमोली के 76 गंभीर मरीजों को समय पर उच्च चिकित्सा संस्थानों तक पहुंचाकर उनकी जान बचाई गई है।
बद्रीनाथ मंदिर चोरी मामले में सख्त कार्रवाई का भरोसा
मुख्यमंत्री ने बद्रीनाथ मंदिर चोरी प्रकरण को अत्यंत गंभीर बताते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी प्रकार की राजनीति नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कठोरतम कानूनी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों से सेवा पखवाड़े के तहत आयोजित शिविरों में अधिक से अधिक भागीदारी कर सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने और विकास की यात्रा में सहभागी बनने का आह्वान किया।











