दीपावली को लेकर पुलिस हाई अलर्ट, संदिग्धों पर नजर और देर रात तक चेकिंग

नैनीताल – दीपावली पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बाजारों, सार्वजनिक स्थलों, प्रमुख चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस की सघन चेकिंग के साथ नियमित गश्त की जा रही है।

त्योहारी सीजन में बढ़ने वाली भीड़ और संभावित सुरक्षा चुनौतियों को देखते हुए पुलिस टीमें लगातार पैदल गश्त कर रही हैं। मुख्य बाजारों, प्रमुख मार्गों और सार्वजनिक स्थानों पर संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर विशेष नजर रखी जा रही है।

रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर बीडीएस टीम की जांच

सुरक्षा व्यवस्था के तहत रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अन्य भीड़भाड़ वाले सार्वजनिक स्थानों पर बीडीएस (बम निरोधक दस्ता) की टीमों द्वारा विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। टीम सार्वजनिक स्थानों और आसपास के क्षेत्रों की जांच कर संभावित सुरक्षा खतरों को समय रहते रोकने के प्रयास में जुटी है।

देर रात घूमने वालों पर भी निगरानी

पुलिस द्वारा देर रात अनावश्यक रूप से घूमने वाले व्यक्तियों और संदिग्ध गतिविधियों पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है। एसएसपी ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को सतर्कता बरतने, नियमित गश्त सुनिश्चित करने और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वाली किसी भी गतिविधि पर तत्काल प्रभावी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

चोरी और असामाजिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने की तैयारी

नैनीताल पुलिस बाजारों, परिवहन केंद्रों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था पर विशेष ध्यान दे रही है। इसका उद्देश्य चोरी, आपराधिक घटनाओं और असामाजिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाना है, ताकि आमजन बिना किसी भय के दीपावली का पर्व मना सकें।

पुलिस की आमजन से अपील

नैनीताल पुलिस ने नागरिकों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध वस्तु अथवा गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने त्योहार के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में आमजन से सहयोग की अपेक्षा की है।

Daily Dpark 24
Author: Daily Dpark 24

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें